गाजियाबाद में मामा के सवा दो लाख हड़पने के लिए रची लूट की झूठी कहानी, भांजे समेत 3 गिरफ्तार
मसूरी थानाक्षेत्र में शनिवार रात एक भांजे ने अपने ही मामा के सवा दो लाख रुपए हड़पने को लूट की फर्जी कहानी सुना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो मामला फर्जी निकला। पुलिस ने आरोपित भांजे समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर 1.67 लाख रुपए बरामद कर लिए हैं।
लूट की सूचना देने वाले युवक ने बताया था कि उसके पीछे 10-12 बदमाश पीछे लगे और उसे रोक लूट कर फरार हो गए। जबकि जांच में युवक की बाइक के पीछे कोई नहीं दिखने पर शक हुआ तब सख्ती से पूछने पर युवक टूट गया और पूरी कहानी बता दी।
गिरोह का एक सदस्य अब भी फरार
डीसीपी देहात सुरेंद्रनाथ तिवारी के मुताबिक पकड़े गए आरोपित पिलखुआ के सिद्दीकपुरा निवासी नवेद, शादाब और फुरकान हैं। इनका एक साथी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है। घटना वाले दिन मसूरी निवासी स्क्रैप कारोबारी रिजवान ने अपने रिश्ते के भांजे नवेद को खिचरा में अपने साझेदार दानिश के पास 2.25 लाख रुपए लेने भेजा था।
जिस समय रिजवान ने नवेद को फोन किया उस समय उसकी कन्फेक्शनरी की दुकान पर दोस्त भी बैठे हुए थे। सभी ने आपस में तय कर रुपए हड़पने के लिए लूट की फर्जी सूचना दे दी और रुपए आपस में बांट लिए। पुलिस फरार आरोपित की तलाश में लगी हुई है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

