भोजपुर जिले के करनामेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ओझवलिया मोड़ के समीप रविवार की सुबह फोन पर बात करने को लेकर हुए विवाद में साले ने जीजा के छोटे भाई को गोली मार दी।
घायल युवक भोजपुर-यूपी सीमा से सटे नौरंगा निवासी 25 वर्षीय सोनू ठाकुर हैं। वह देव कृष्ण ठाकुर के पुत्र हैं। गोली उनके हाथ में लगी है।
आरोपित ओझवलिया निवासी साधु राय है, जो रिश्ते में घायल के बड़े भाई का साला है। घायल के पिता सेना से सेवानिवृत्त हैं।
आरोपित की गिरफ्तारी के लिए चल रही छापेमारी
गंभीर रूप से घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल, आरा में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार सोनू ठाकुर रविवार की सुबह पिकअप वाहन से डेयरी का दूध लेकर बक्सर जिले के पड़री गांव जा रहे थे।
इसी दौरान ओझवलिया मोड़ के समीप किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपित ने गोली चला दी।
गोली लगते ही सोनू ठाकुर घायल होकर गिर पड़े। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई।
फोन पर बात करने से मना करने पर हुआ विवाद
बताया जाता है कि घायल के बड़े भाई उधारी ठाकुर के साले साधु राय से पहले से कहासुनी चल रही थी। रविवार सुबह छह बजे दोनों ओझवलिया गांव में घर पर साथ बैठे थे।
इसी दौरान साधु राय किसी महिला मित्र से फोन पर बात कर रहा था। सोनू ठाकुर ने उसे वहां बात करने से मना किया और कहा कि यहां रहकर बात मत करो, लोग क्या कहेंगे।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जो बाद में गोलीबारी तक पहुंच गया।


