देवरिया में नोनापार स्टेशन के पूर्वी ढाले पर सड़क बंद, 36 गांवों की बढ़ीं मुश्किलें

 भटनी-वाया नोनापार-संवरेजी-भाटपाररानी मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य शुरू होने के साथ ही शनिवार से नोनापार रेलवे स्टेशन के पूर्वी ढाले पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया।

सड़क की आरसीसी ढलाई के चलते रास्ता बंद होने से आसपास के 36 से अधिक गांवों के लोगों की परेशानी बढ़ गई है। रेलवे स्टेशन तक पहुंचना और भटनी से भाटपाररानी की यात्रा करना लोगों के लिए मुश्किल भरा हो गया है।

बताया जा रहा है कि वर्षों से जर्जर पड़ी इस सड़क के निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। अब निर्माण कार्य शुरू होने पर नोनापार रेलवे स्टेशन के पूर्वी रेलवे ढाले के पास आरसीसी ढलाई का कार्य कराया जा रहा है। इसके चलते इस मार्ग पर वाहनों और पैदल यात्रियों का आवागमन रोक दिया गया है।स्थिति यह है कि नोनापार रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ने आने वाले यात्रियों, विद्यार्थियों और दैनिक कामकाज के लिए आने-जाने वाले लोगों को लंबा चक्कर लगाकर सफर करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि वैकल्पिक मार्ग की समुचित व्यवस्था नहीं होने से सबसे अधिक दिक्कत रोगियों, स्कूली बच्चों और व्यापारियों को हो रही है।इधर, भटनी रेलवे स्टेशन के 115 रेलवे ढाले पर पहले से ही ओवरब्रिज निर्माण कार्य चल रहा है। इसके कारण भरथुआ-भटनी-भिंगारी मार्ग पहले से बंद है। ऐसे में अब नोनापार मार्ग भी बंद हो जाने से क्षेत्र के लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से निर्माण कार्य तेजी से पूरा कराने के साथ वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *