दरभंगा में NH 527B पर भीषण सड़क हादसा, अज्ञात वाहन ने ली राजमिस्त्री की जान

8.6kViews
1041 Shares

जिले के केवटी थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई।

दरभंगा-जयनगर राष्ट्रीय राजमार्ग 527बी पर पाराडीह और हाजीपुर के बीच ब्लू वेल्श स्कूल के समीप अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को कुचल दिया।

हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही आसपास के लोग और राहगीर घटनास्थल पर जुट गए, जिससे कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया।

मौके पर पहुंची पुलिस

मृतक की पहचान केवटी थाना क्षेत्र की ननौरा पंचायत स्थित हनुमान नगर गांव निवासी विनोद पंडित के 25 वर्षीय पुत्र कुशेश्वर पंडित के रूप में हुई है। वह पेशे से राजमिस्त्री था और सोमवार सुबह बाइक से केवटी की ओर जा रहा था।

इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलने पर केवटी थानाध्यक्ष राहुल कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया।

इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) भेज दिया गया। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

फरार चालक की तलाश

पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। चालक की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *