ATM बदलकर सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी से साइबर ठगों ने उड़ाए 2.10 लाख, मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने शुरू की जांच

6.2kViews
1575 Shares

 नगर पंचायत क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने एक सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी को झांसे में लेकर तीन दिनों के भीतर उनके खाते से दो लाख दस हजार रुपये पार कर दिए। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चौपरिया गांव निवासी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी राम तवक्कल यादव ने तहरीर देकर कहा कि वह एक मई को नगर पंचायत क्षेत्र स्थित एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान मौजूद दो युवकों ने मशीन की स्क्रीन पर टेप लगाकर उन्हें भ्रमित कर दिया। मदद करने के बहाने आरोपितों ने उनका एटीएम पिन देख लिया और मौका पाकर कार्ड बदल दिया।

इसके बाद आरोपितों ने लम्भुआ तथा प्रतापगढ़ के कन्हईपुर स्थित एटीएम से करीब एक लाख दस हजार रुपये नकद निकाल लिए। वहीं इंदिरा इंटरप्राइजेज नामक खाते में एक लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए गए। तीन मई को मोबाइल पर आए एसएमएस से खाते से रुपये निकलने की जानकारी होने पर पीड़ित ने तत्काल बैंक खाता फ्रीज कराया और साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई।

पीड़ित ने बताया कि पेंशन की जमा रकम निकल जाने से वह मानसिक रूप से काफी परेशान हैं। कोतवाल धीरज कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एटीएम के सीसी कैमरे के फुटेज और जिस खाते में धनराशि ट्रांसफर हुई है, उसकी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *