हर घर तक पानी पहुंचाने की सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर जल योजना ब्लाक में दम तोड़ती नजर आ रही है। ब्लाक मुख्यालय के करीब डेढ़ दर्जन गांवों में योजना अभी भी अधूरी है। कहीं पानी की टंकी का निर्माण अधूरा है तो कहीं पाइपलाइन बिछाने को लेकर आए दिन विवाद हो रहा है।
अभियाकला गांव में पाइप तो बिछ चुकी है, लेकिन टंकी का निर्माण केवल पांच प्रतिशत हो सका है और पांच करोड़ 51 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। इस बार गर्मी में भी ग्रामीणों को टोटी से शुद्ध जल मिलने की उम्मीद नहीं नजर आ रही है।
अभियाकला गांव में जल जीवन मिशन योजना तीन वर्ष पहले शुरू हुई थी। यहां बोरिंग का कार्य तो पूरा कर लिया गया, लेकिन पानी की टंकी का निर्माण महज पांच प्रतिशत ही हो सका है। इसके बाद ठेकेदार ने काम रोक दिया, जिससे पूरी योजना अधर में लटका है।
4629 लोगों को शुद्ध पेयजल कराया जाएगा उपलब्ध
इस टंकी से सिप्तापुर और टोडरपुर पुरवे समेत कुल दो गांवों की लगभग 4629 लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाना है। योजना पर गांव में पांच करोड़ 51 लाख रुपये खर्च किए जाने का दावा किया गया है।
दो गांवों में 28.05 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जानी थी। अधिकारियों के अनुसार अधिकांश गांवों में पाइप बिछाने का कार्य पूरा भी कर लिया गया है। कई जगहों पर घर-घर कनेक्शन के लिए टोटियां (कनेक्शन प्वाइंट) भी लगा दी गई हैं, लेकिन मुख्य टंकी का निर्माण ठप होने से पूरी व्यवस्था बेकार साबित हो रही है।
जल्द पूरा होगा काम
अवर अभियंता जल जीवन मिशन धर्मनाथ यादव का कहना है कि अभियाकला, हनुमानगंज, सहित कई गांव में जल्द ही पानी टंकी का निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा।


