गुरुग्राम में रात से लगातार हो रही झमाझम बारिश का असर जहां दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर देखने को मिला। वहीं शहर के सबसे पॉश इलाकों में शामिल गोल्फ कोर्स रोड की व्यवस्था की भी पोल खोल दी।
100 करोड़ के फ्लैटों वाला गोल्फ कोर्स रोड भी डूबा
डीएलएफ सेक्टर-42 स्थित ग्लोबल फोयर मॉल के सामने गोल्फ कोर्स रोड पूरी तरह जलमग्न हो गई। सड़क पर कई जगह पानी भरने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यह वही गोल्फ कोर्स रोड है, जहां करोड़ों रुपये कीमत के लग्जरी फ्लैट और व्यावसायिक इमारतें मौजूद हैं। लेकिन भारी वर्षा के बीच यहां भी जलभराव ने दिखा दिया कि शहर का सबसे महंगा इलाका भी जलनिकासी की समस्या से अछूता नहीं है। सड़क पर भरे पानी के कारण वाहन रेंगते नजर आए।
साइबर हब के समीप गेटवे टावर मेट्रो स्टेशन के सामने एक्सप्रेसवे का बड़ा हिस्सा जलमग्न हो गया। शहर की कई सड़कें पहले ही पानी में डूब चुकी थीं, वहीं इस प्रमुख मार्ग पर भी जलभराव होने से यातायात प्रभावित रहा।
सड़क पर पानी भरने के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई वाहन धीमी गति से गुजरते नजर आए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात का दबाव भी बढ़ गया।
लगातार हो रही बारिश के बीच जल निकासी व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में नजर आई।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

