गाजीउद्दीन एक क्रूर शासक और लुटेरा था, देश की आजादी के 78 साल बाद भी उसके नाम पर जिले का नाम होना शर्मनाक बल्कि दुर्भाग्यपूर्ण है। इलाहाबाद और फैजाबाद का नाम बदलकर भारतीय संस्कृति को पुर्नस्थापित करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्य किया है।
ऐसे में हम गाजियाबाद का नाम बदलकर महाराजा अग्रेसन के नाम पर महाराजा अग्रसेन नगर करने की मांग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से करते हैं। यह बातें लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर ने शनिवार को नवयुग मार्केट में आयोजित प्रेसवार्ता में कहीं।
महाराजा अग्रसेन का महान रहा है योगदान
उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन द्वारा जनहित में किए गए कार्य उल्लेखनीय है। इस वजह से गाजीउद्दीन की जगह जिले का नाम महाराजा अग्रसेन नगर होना चाहिए। जिले के सभी जनप्रतिनिधियों से अपील है कि वह भी हमारे प्रस्ताव का समर्थन करें। जनपद महाराजा अग्रसेन नगर नाम परिवर्तन संघर्ष समिति के अध्यक्ष रूपचंद नागर ने बताया कि वह लंबे समय से जिले का नाम बदलने की मांग कर रहे हैं।
…ताकि जिले का नाम बदला जा सके
महाभारत काल में महाराजा अग्रसेन ने महज 15 साल की आयु में राजपाट संभाला, अमरोहा उनकी राजधानी थी और गाजियाबाद उसका हिस्सा था। उन्होंने मांसाहार का विरोध किया, बाहर से आकर रहने वाले लोगों को सहयोग किया है।
ऐसे में महाराजा अग्रसेन के नाम पर जिले का नाम होना चाहिए, इस संबंध में हाई कोर्ट में रिट भी दाखिल की थी, हाई कोर्ट ने इसे शासन नीति का विषय बताते हुए निर्णय प्रदेश सरकार पर छोड़ा है। ऐसे में जिले के जनप्रतिनिधियों से मांग की गई है कि वह शासन तक हमारी मांग पहुंचाएं, जिससे कि जिले का नाम बदला जा सके।


