अगर आप चॉकलेट के शौकीन हैं, तो आने वाले कुछ साल आपके लिए एक बड़ा सरप्राइज लेकर आने वाले हैं। अपनी प्रीमियम चॉकलेट के लिए दुनियाभर में मशहूर स्विट्जरलैंड अब स्वीट टूरिज्म के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी कदम बढ़ा रहा है।
स्विट्जरलैंड के ग्रुइयेर क्षेत्र के ब्रोक नाम के एक छोटे से कस्बे में दुनिया का सबसे बड़ा चॉकलेट थीम पार्क पार्क डू चॉकलेट कैयोर विकसित किया जा रहा है। आइए जानें यह पार्क कब तक बनकर तैयार हो जाएगा और इसकी खासियत क्या होगी।
4000 करोड़ का निवेश और 2030 का लक्ष्य
इस प्रोजेक्ट की कमान स्विट्जरलैंड के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित चॉकलेट ब्रांड मेजों कैयोर के हाथों में है। इस विशाल पार्क को बनाने के लिए लगभग 400 मिलियन स्विस फ्रैंक यानी करीब 4 हजार करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। योजना के अनुसार, साल 2030 तक यह पार्क पूरी तरह तैयार होकर आम जनता और पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा।
फैक्ट्री के अंदर चॉकलेट की जादुई दुनिया
इस थीम पार्क की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे मौजूदा मेजों कैयोर फैक्ट्री के आसपास ही तैयार किया जा रहा है। लगभग 30 हजार वर्ग मीटर में फैले इस परिसर में पर्यटकों को 4 से 6 घंटे का एक अनोखा इमर्सिव एक्सपीरियंस मिलेगा।
यह कोई साधारण पार्क नहीं होगा जहां केवल झूले हों, बल्कि यहां लोग अपनी आंखों के सामने चॉकलेट को बनते हुए देख सकेंगे। कोको की खेती से लेकर चॉकलेट के पैक होने तक की पूरी प्रक्रिया को आधुनिक टेक्नोलॉजी और ऑगमेंटेड रियलिटी के जरिए दिखाया जाएगा।
बच्चों और परिवारों के लिए खास आकर्षण
पार्क को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यहां मनोरंजन के साथ-साथ सीखने को भी बहुत कुछ मिले। यहां कोको ग्रीनहाउस बनाया जाएगा जहां असली कोको के पेड़ होंगे। इसके अलावा, इंटरैक्टिव वर्कशॉप्स, चॉकलेट थिएटर, टेस्टिंग हॉल और लाइव डेमो जैसे आकर्षण होंगे। मास्टर चॉकलेटियर के साथ सेशन में हिस्सा लेकर बच्चे और बड़े चॉकलेट बनाने की कला सीख सकेंगे। आखिर में, एक शानदार चॉकलेट एम्पोरियम से पर्यटक अपनी पसंद की चॉकलेट खरीद भी सकेंगे।
पर्यावरण और सुविधा का कॉम्बिनेशन
इस प्रोजेक्ट में प्रकृति का भी पूरा ख्याल रखा गया है। यह पूरा पार्क 100% रिन्यूएबल एनर्जी से चलेगा। ट्रैफिक और प्रदूषण को कंट्रोल करने के लिए गांव के बाहर 450 कारों की क्षमता वाली अंडरग्राउंड पार्किंग बनाई जा रही है। पर्यटकों की पहुंच आसान बनाने के लिए इसे नेशनल रेल नेटवर्क से जोड़ दिया गया है, जिससे ब्रेन जैसे बड़े शहरों से यहां आसानी से पहुंचा जा सकेगा।
पर्यटन में आएगा बड़ा उछाल
कैयोर ब्रांड का इतिहास 1819 से जुड़ा है और इसकी ब्रोक स्थित फैक्ट्री 1898 से फंक्शनल है। वर्तमान में यहां हर साल 4 लाख पर्यटक आते हैं, लेकिन इस थीम पार्क के बनने के बाद यह संख्या 10 लाख तक पहुंचने की उम्मीद है।


