हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल गुप्त सहस्त्रधारा क्षेत्र में टोंस नदी में नहाते समय हरियाणा के यमुनानगर निवासी व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। व्यक्ति की मौत नदी में डूब रहे बेटे को बचाने के चक्कर में हुई। हादसा तब हुआ तक पूरा परिवार नदी में नहा रहा था।
हादसे के बाद हिमाचल पुलिस काफी देर तक सीमा विवाद में उलझी रही। आखिकार कोतवाली कालसी की पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। मृतक की पहचान यमुनानगर (हरियाणा) के रादौर स्थित ग्राम जगूड़ी निवासी 39 वर्षीय मनदीप कुमार के रूप में हुई है।
मनदीप कुमार पुत्र अमर सिंह पूरे परिवार के साथ पर्यटन स्थल घूमने आया था। इसी बीच मनदीप परिवार के साथ गुप्त सहस्त्रधारा क्षेत्र स्थित टोंस नदी में नहाने लगा। तभी उसका पुत्र नदी में डूबने लगा। मनदीप ने उसे बचाने का प्रयास किया।
उसने पुत्र को तो बचा लिया, लेकिन वह खुद गहरे पानी में डूब गया। इससे उसकी मौत हो गई। कोतवाली कालसी की पुलिस को रविवार को हिमाचल प्रदेश के थाना पुरवाला से सूचना मिली कि एक व्यक्ति गुप्त सहस्त्रधारा स्थित नदी में डूब गया है।
सूचना मिलने पर कालसी की पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक स्वजन मनदीप को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल विकासनगर ले जा चुके थे। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया। कोतवाल अरविंद चौधरी के अनुसार घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

