बीजेपी का सीएम बनते ही अपराध‍ियों की मौज; तेजस्‍वी यादव ने सम्राट चौधरी से पूछे तीखे सवाल

 राजधानी पटना के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र स्थित न्यू घाना कॉलोनी में रविवार को दिनदहाड़े एक ज्वेलरी दुकान में करीब 20 लाख रुपये की लूट हो गई।

घटना के बाद राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर सियासत तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इसको लेकर सम्राट सरकार पर तीखा हमला बोला है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर घटना का वीडियो साझा करते हुए उन्होंने लिखा, “पटना में सोने की बड़ी लूट। बिहार में बीजेपी का मुख्यमंत्री बनते ही अपराधियों की मौज!”

उन्होंने तंज भरे लहजे में सवाल उठाया कि अब नए नवेले मुख्यमंत्री जुबान से ही अपराध खत्म कर देंगे या फिर अपराधियों को खोजने से पूर्व उनकी जाति ढूंढेंगे, तदनुसार प्रतिकूल और अनुकूल बयान जारी किया जाएगा।

पिस्टल के दम पर वारदात, विरोध करने पर दुकानदार घायल

श्री लक्ष्मी अलंकार नामक ज्वेलरी शॉप में दोपहर के समय पांच की संख्या में आए अपराधियों ने पिस्टल के बल पर दुकानदार और ग्राहकों को बंधक बना लिया।

दुकानदार धनंजय ने विरोध किया तो अपराधियों ने पिस्टल की बट से उनके सिर पर वार कर उन्हें घायल कर दिया। महज पांच मिनट में अपराधी करीब 100 ग्राम सोना और 5 किलोग्राम चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए।

लूटे गए गहने की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। जाते समय अपराधियों ने दुकान के बाहर फायरिंग भी की और दो बाइकों से भाग निकले।

पुलिस जांच तेज, 24 घंटे में गिरफ्तारी का दावा

घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी (पूर्वी) परिचय कुमार, डीएसपी सदर-2 रंजन कुमार समेत स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल और एसटीएफ की टीमों को भी जांच में लगाया गया है।

पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में दो बाइकों पर सवार पांच अपराधी नजर आए हैं। मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। सिटी एसपी ने दावा किया है कि 24 घंटे के भीतर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *