प्रैक्टिस के बीच आई बच्चों की फुटबॉल, देने के लिए आगे बढ़ा छात्र; गले में लगा भाला हुई मौत

9.8kViews
1009 Shares

गोरलचौड़ मैदान में राजकीय पॉलिटेक्निक कालेज के वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता शुरू होने से पहले ही भाला लगने से एक छात्र की मौत हो गई। घायल छात्र को शिक्षकों ने आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद स्वजन को सौंप दिया है। मृतक छात्र मूल रूप से रीठा साहिब मछियाड़ का रहने वाला था। वर्तमान में चंपवत के जूप में अपनी मां और बुआ के साथ रहकर पढ़ाई कर रहा था।

होनी थीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताएं

शनिवार को गोरलचौड़ मैदान में राजकीय पॉलिटेक्निक कालेज चंपावत की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताएं होनी थीं। सभी छात्र मैदान में पहुंच चुके थे। कालेज के शिक्षक और शिक्षिकाएं भी खेल गतिविधियां कराने की तैयारी कर रहे थे। पहले चरण में 100 मीटर दौड़ की तैयारी चल रही थी।

विद्यार्थियों की खेल मैदान के जिला प्रेक्षागृह वाले हिस्से के पास गोल पोस्ट के समीप रखी गई थी, जिसमें भाला भी था। इस दौरान प्रेक्षागृह वाली तरफ कुछ बाहरी बच्चे फुटबॉल खेल रहे थे। इस दौरान उनकी फुटबॉल बीच मैदान में आ गई। पास में मौजूद पॉलिटेक्निक इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के द्वितीय वर्ष के छात्र 20 वर्षीय सोमेंद्र सिंह बोहरा पुत्र भूपाल सिंह बोहरा फुटबॉल वापस देने के लिए आगे बढ़ा।

इस दौरान उसी के कालेज के ही एक छात्र ने गोल पोस्ट के पास रखे भाले को उठाकर फेंक दिया। भाला गलती से सोमेंद्र की बाएं कंधे पर लग गया, जिससे वह जमीन पर गिर गया। शिक्षकों ने तत्काल भाला निकालकर उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद उसका पोस्टमार्टम कराया।

जिला अस्पताल के पीएमएस डा. एचएस ह्यांकी ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही छात्र की मौत हो गई थी। भाला छात्र के गर्दन और कंधे के बगल में लगा था। घटना की सूचना मिलते ही डीएम मनीष कुमार, सीएमओ डा. देवेश चौहान सहित भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय सहित कई लोग अस्पताल पहुंच गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *