भीषण आग से गाजियाबाद में हवा हुई जहरीली, लोगों को सांस लेने में दिक्कत; AQI 340 के पार

गाजियाबाद में इंदिरापुरम के कनावनी में बनीं झुग्गियों में आग लगने के बाद जिले की हवा बृहस्पतिवार को गंभीर श्रेणी में पहुंच गई थी। एक्यूआई 463 दर्ज किया गया था। धुएं का असर दूसरे दिन शुक्रवार को भी हवा पर रहा। एक्यूआई 346 दर्ज किया गया।

इसके चलते लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई। हालांकि, शाम को बारिश होने के बाद हवा कुछ साफ हुई और लोगों ने राहत की सांस ली।

वसुंधरा में दोपहर का एक्यूआई 288 नोट किया

बृहस्पतिवार दोपहर में कनावनी में 150 से अधिक झुग्गियां व कबाड़ के गोदामों में आग लगी थी। आग इतनी विकराल थी कि इससे उठने वाले धुएं का गुबार करीब 10 किलोमीटर तक दिखाई दे रहा था। आग से बहुत अधिक धुआं निकलने से वायु प्रदूषित हो गई। जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई। सबसे अधिक प्रभाव ट्रांस हिंडन में रहा। वसुंधरा में दोपहर का एक्यूआई 288 नोट किया गया। धुएं का असर शुक्रवार को भी रहा।

इंदिरापुरम की हवा भी बेहद खराब श्रेणी में रही

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार शुक्रवार को जिले के साथ लोनी का एक्यूआइ गंभीर श्रेणी 417 में दर्ज किया गया। इसके अलावा लोनी के वेद विहार का 367 दर्ज किया गया। संजय नगर, वसुंधरा व इंदिरापुरम की हवा भी बेहद खराब श्रेणी में रही। सभी इलाकों की हवा बेहद खराब व गंभीर होने से लोगों को सांस लेना दूभर हो गया। आग की घटना के बाद लोगों की आंखों में जलन की समस्या रही।

वहीं, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अंकित सिंह का कहना है धुआं बहुत अधिक फैलने से उसका असर हवा पर पड़ा है। अधिक प्रदूषित इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

लोनी में अभियान चलाकर होगी कार्रवाई

लोनी की हवा गंभीर श्रेणी में पहुंचने पर अधिकारी सक्रिय हो गए हैं। क्षेत्रीय अधिकारी का कहना है कि जल्द लोनी में अभियान चलाया जाएगा। यहां प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि बीच-बीच में कार्रवाई करते हुए अवैध फैक्ट्रियों को सील करने का कार्य किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *