दिलेश्वर महतो बने गुमला के 38वें उपायुक्त, विकास कार्यों को देंगे गति

8.9kViews
1854 Shares

गुमला के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) के रूप में कार्यरत दिलेश्वर महतो का प्रोन्नति के उपरांत गुमला के उपायुक्त (डीसी) के पद पर पदस्थापन किया गया है।

प्रोन्नति मिलने के बाद शनिवार को ही उन्होंने स्वतः उपायुक्त के पद का प्रभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने जिले के 38वें उपायुक्त के रूप में पदभार लिया। वहीं, तत्कालीन उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की फिलहाल नई पदस्थापना नहीं हुई है।

पदभार ग्रहण करने के उपरांत उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने कहा कि गुमला उनके लिए नया जिला नहीं है। उन्होंने बताया कि डीडीसी के रूप में कार्य करने के दौरान उन्हें जिले की भौगोलिक, सामाजिक एवं प्रशासनिक परिस्थितियों का अच्छा अनुभव प्राप्त हुआ है। उसी अनुभव का उपयोग करते हुए वे उपायुक्त के रूप में जिले के विकास कार्यों को और गति देने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि जिले का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता होगी। विशेष रूप से सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मुख्यधारा से जोड़कर उनका चहुंमुखी विकास सुनिश्चित करना प्रशासन का मुख्य उद्देश्य रहेगा। शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाएगा।

उपायुक्त ने यह भी कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान, पारदर्शी प्रशासन और जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी कार्यशैली का प्रमुख आधार रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *