अर्जेंटीना में 13 से 17 अप्रेल तक होनी वाली महिला हॉकी सीरिज में भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तानी शाहाबाद की बेटी व ओलंपियन नवनीत कौर करेंगी। उन्हें भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तानी सौंपी गई।
अर्जेंटीना दौरे पर टीम की अगुवाई कर रही नवनीत का यह सफर न सिर्फ उनके लिए बल्कि प्रदेश के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है। कोच बलदेव सिंह से प्रशिक्षित नवनीत कौर ने अपनी मेहनत, लगन और शानदार प्रदर्शन से यह मुकाम हासिल किया है।
वह पहले ही ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं और अब टीम की कप्तान बनकर एक नई जिम्मेदारी निभाएंगी। उनकी सफलता के पीछे उनके कोच बलदेव सिंह का बड़ा योगदान रहा है।
खेल चुकी है 206 से अधिक इंटरनेशनल मैच
फारवर्ड खिलाड़ी नवनीत कौर अब तक 206 से अधिक इंटरनेशनल मैच खेल चुकी हैं। अर्जेंटीना दौरे में कप्तानी संभालते हुए नवनीत कौर पर टीम को बेहतर प्रदर्शन दिलाने की जिम्मेदारी है। उनकी आक्रामक खेल शैली और अनुभव टीम के लिए बड़ी ताकत मानी जा रही है।
खास बात यह है कि यह दौरा आने वाले बड़े टूर्नामेंट्स से पहले टीम के लिए अहम तैयारी का हिस्सा है, ऐसे में उनकी कप्तानी और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। गौरतलब है कि उन्होंने वर्ल्ड क्वालीफाई मुकाबले में विजयी गोल करके भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए वर्ल्ड कप में खेलने का टिकट पक्का किया।
इस चैपिंयनशिप में उन्हें प्लेयर ऑफ दी टूर्नामेंट भी चुना गया। भाजपा नेता सुभाष कलसाना, एडवोकेट मनदीप रावा, डॉ. आरएस घुम्मन, जयपाल चढूनी, स्वर्णजीत सिंह कालड़ा बिट्टू, पार्षद ईशा सचदेवा, पार्षद नवनीत कौर उन्हें बधाई दी।
जीत के लिए तैयार है टीम
नवनीत कौर ने मोबाइल पर बातचीत में इस उपलब्धि का श्रेय कोच बलदेव सिंह को देते हुए बताया कि पूरी टीम इस चैपिंयनशिप में जीत के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि टीम वर्क के साथ ही किसी भी जीत को हासिल किया जा सकता है।


