बिना टिकट एसी बोगी में रौब झाड़ रहा था फर्जी TTE, गया पहुंचते ही आरपीएफ ने किया गिरफ्तार

1197 Shares

गया जंक्शन पर आरपीएफ-जीआरपी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बुधवार की देर रात वेस्ट बंगाल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (12329) से एक फर्जी टीटीई को गिरफ्तार किया। आरोपी नकली रेलवे पहचान पत्र के सहारे एसी कोच में यात्रा कर रहा था और स्वयं को रेलवे कर्मचारी बताकर यात्रियों एवं रेल प्रशासन को गुमराह करने का प्रयास कर रहा था।

आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव ने बताया कि डीडीयू मंडल के सुरक्षा नियंत्रण कक्ष से सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 12329 अप के एम-2 कोच में ड्यूटी पर तैनात मुख्य टिकट निरीक्षक विनोद कुमार ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ रखा है।

लिखित मेमो के साथ युवक गिरफ्तार

सूचना मिलते ही ट्रेन के गया जंक्शन पहुंचने पर आरपीएफ, वाणिज्य विभाग और जीआरपी की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि मुख्य टिकट निरीक्षक द्वारा लिखित मेमो के साथ संदिग्ध युवक को आरपीएफ के हवाले किया गया।

पूछताछ में उसकी पहचान अमर कुमार (35 वर्ष), निवासी बेला, थाना लक्ष्मीपुर, जिला जमुई के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से रेलवे टीटीई का फर्जी पहचान पत्र बरामद हुआ। जांच में यह भी सामने आया कि वह बिना वैध टिकट एसी कोच में यात्रा कर रहा था।

मामले की जांच कर रही आरपीएफ

आरपीएफ इंस्पेक्टर ने कहा कि प्रारंभिक जांच में आरोपी द्वारा फर्जी पहचान के माध्यम से यात्रियों और रेलवे अधिकारियों को भ्रमित करने का प्रयास सामने आया है। आरोपी को जीआरपी थाना, गया के हवाले कर दिया गया है, जहां उसके विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी संगठित गिरोह का सदस्य है या अकेले इस तरह की गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या फर्जी रेलवे कर्मचारी की सूचना तत्काल आरपीएफ, जीआरपी अथवा ऑन-ड्यूटी टीटीई को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *