बिसरख कोतवाली क्षेत्र की राधा स्काई गार्डन सोसायटी में शुक्रवार रात दिल दहला देने वाली घटना हुई। टावर-1 के फ्लैट नंबर 1804 में रहने वाले सागर यादव (21) ने घरेलू विवाद में मां पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद वह पांचवीं मंजिल से कूद गया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक सागर मूलरूप से गांव पतवाड़ी का रहने वाला था। शुक्रवार रात किसी बात पर मां से कहासुनी हो गई। गुस्से में उसने सब्जी काटने वाले चाकू से मां पर वार कर दिया। मां को मामूली चोट आई। इसके बाद सागर फ्लैट से निकलकर नीचे आया और पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी।
मानसिक रूप से परेशान था युवक
सूचना पर बिसरख पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को अस्पताल भेजा गया, जहां मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मां का प्राथमिक उपचार कराया गया।
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र सिंह ने बताया कि युवक मानसिक रूप से परेशान रहता था। प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद के बाद आत्मघाती कदम का लग रहा है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे कार्रवाई होगी।


