ऑफलाइन और ऑनलाइन माध्यम से उल्लेखनीय उपलब्धि, जिला परिवहन अधिकारी के मार्गदर्शन में चेकपोस्ट टीम की बड़ी सफलता।
सिंगरौली। जिले की RTO चेकपोस्ट सिंगरौली ने महज तीन माह की त्रैमासिक अवधि में शासकीय राजस्व संग्रह के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विभाग द्वारा ऑफलाइन एवं ऑनलाइन दोनों माध्यमों से कुल ₹63,54,300/- (तिरसठ लाख चौवन हजार तीन सौ रुपये) का राजस्व संग्रह कर एक महत्वपूर्ण रिकॉर्ड दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस कुल राजस्व में-
- ऑफलाइन माध्यम से ₹12,64,800/-
- ऑनलाइन माध्यम से ₹50,89,500/-
का संग्रह शामिल है। विभाग की इस उपलब्धि को परिवहन व्यवस्था के क्षेत्र में एक बड़ी प्रशासनिक सफलता माना जा रहा है।

अधिकारियों के नेतृत्व में मिली बड़ी सफलता
इस उल्लेखनीय उपलब्धि का श्रेय जिला परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर के मार्गदर्शन एवं चेकपोस्ट प्रभारी विभा उइके के कुशल नेतृत्व को दिया जा रहा है।प्रभारी विभा उइके ने अपनी टीम को अनुशासित एवं सक्रिय रखते हुए प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी रणनीति अपनाई। महिला अधिकारी होते हुए भी उन्होंने टीम के साथ समन्वय बनाकर राजस्व वृद्धि और यातायात नियंत्रण दोनों क्षेत्रों में सराहनीय कार्य किया।
जनजागरूकता और सख्त कार्रवाई का मिला सकारात्मक परिणाम
चेकपोस्ट प्रभारी द्वारा जनजागरूकता अभियान भी चलाया गया, जिसके अंतर्गत वाहनों में रेडियम रिफ्लेक्टर, सीटबेल्ट और अन्य सुरक्षा उपकरणों के उपयोग को बढ़ावा दिया गया।इस अभियान का सकारात्मक प्रभाव जिले में देखने को मिला, जहां सड़क दुर्घटनाओं में कमी दर्ज की गई। साथ ही अवैध रूप से संचालित मालवाहक एवं यात्री वाहनों पर सख्त कार्रवाई करते हुए विभाग ने न केवल नियमों का पालन सुनिश्चित किया, बल्कि राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की।

दिन-रात जुटी रही टीम
चेकपोस्ट में तैनात कर्मचारी सर्दी, गर्मी और अन्य परिस्थितियों की परवाह किए बिना दिन-रात अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। विभागीय टीम की सक्रियता और सतत निगरानी के चलते यह उपलब्धि संभव हो सकी।
असामाजिक तत्वों पर BNS के तहत कार्रवाई
इंटरव्यू के दौरान प्रभारी विभा उइके ने बताया कि सिंगरौली की जनता जागरूक और सहयोगी है। अधिकांश ट्रांसपोर्टर नियमों का पालन करते हैं और दस्तावेजों में त्रुटि पाए जाने पर बिना विवाद शासकीय रसीद कटवाते हैं।
हालांकि कुछ असामाजिक तत्व नशे की हालत में विवाद करते हैं, सोशल मीडिया पर भ्रामक आरोप लगाते हैं तथा कर्मचारियों को धमकाने और मारपीट करने का प्रयास करते हैं।ऐसे तत्वों के खिलाफ विभाग द्वारा BNS (भारतीय न्याय संहिता) के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हाल ही में 3-4 असामाजिक तत्वों द्वारा स्टाफ के साथ मारपीट के मामले में जियावान थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है।
जनता से सहयोग की अपील
प्रभारी ने कहा कि शासकीय कर्मचारी भी समाज का ही हिस्सा हैं और उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार है। सुरक्षित एवं व्यवस्थित परिवहन व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है।अंत में उन्होंने आमजन से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सिंगरौली को दुर्घटना मुक्त जिला बनाने के प्रशासनिक संकल्प में सहभागी बनें।


