डॉक्टर को हनी ट्रैप में फंसाकर 5 लाख की ब्लैकमेलिंग!युवती गिरफ्तार लेकिन पूर्व अधिकारी के नाम की कानों कान चर्चा तेज ?

सिंगरौली। जिले में पदभार ग्रहण करने के कुछ ही दिनों के भीतर पुलिस अधीक्षक सियाज केएम ने एक चर्चित सिंगरौली जिले के हनी ट्रैप एवं ब्लैकमेलिंग जैसे मामले में बड़ी कार्रवाई कर जिले में हलचल मचा दी है। मामले में एक युवती को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका एक कथित साथी अभी भी फरार बताया जा रहा है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार एक पीड़ित डॉक्टर ने पुलिस अधीक्षक सिंगरौली से शिकायत की थी कि एक युवती उसे लगातार ब्लैकमेल कर रही है। शिकायत के बाद मामले की जांच विंध्यनगर थाना प्रभारी अर्चना द्विवेदी को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण डिजिटल एवं तकनीकी सबूत मिले, जिसके आधार पर कोतवाली बैढ़न थाना में आरोपी युवती के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी युवती ने डॉक्टर को अपने जाल में फंसाकर वीडियो कॉल पर बातचीत की और कथित रूप से उसकी अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर ली। इसके बाद युवती ने डॉक्टर से 5 लाख रुपये की मांग की और पैसे न देने पर वीडियो उसकी पत्नी को भेजने तथा झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी दी। बताया जा रहा है कि आरोपी युवती ने 14 मई 2026 तक रकम देने की अंतिम तारीख तय की थी।

फोटो: आरोपी युवती को कोर्ट ले जाती कोतवाली पुलिस

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि डॉक्टर पहले भी युवती को डिजिटल माध्यम से कुछ रकम ट्रांसफर कर चुका था। इन लेन-देन के इलेक्ट्रॉनिक सबूत भी पुलिस के हाथ लगे हैं। इसी आधार पर कोतवाली बैढ़न थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार एवं विंध्यनगर थाना प्रभारी अर्चना द्विवेदी अपने दल बल सहित संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पुलिस को सूचना मिलते ही युवती का एक साथी फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

फोटो: प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसपी एवं एएसपी सिंगरौली

मामले को लेकर जिले में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सूत्रों का दावा है कि आरोपी युवती कथित रूप से रसूखदार लोगों और वरिष्ठ अधिकारियों को हनी ट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने का काम करती थी। सूत्र बताते हैं कि उक्त महिला के नेटवर्क गिरोह में कुछ लोग और भी हैं जो अभी पर्दे के पीछे हैं। यह भी चर्चा है कि कुछ अन्य लोग भी उसके जाल में फंसे हुए हैं।

सूत्रों ने यह भी दावा किया है कि शहर में महत्वपूर्ण पद पर पदस्थ रह चुके एक पूर्व अधिकारी के भी युवती से करीबी संबंध थे। हालांकि इन दावों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे आरोपी युवती के बैंक खातों समेत डिजिटल ट्रांजैक्शन की भी पड़ताल किए जाने की संभावना बढ़ गई है।

बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के दौरान युवती लगातार एक “बड़े अधिकारी” का नाम लेकर इशारा कर रही थी। अब जिले में चर्चा तेज है कि आखिर वह अधिकारी कौन है? क्या इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं? पुलिस अधीक्षक सियाज केएम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों, आर्थिक लेन-देन और संभावित अन्य पीड़ितों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

अगर जांच की आंच और आगे बढ़ी तो जिले में कई बड़े नामों का खुलासा होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल पूरे जिले की निगाहें सिंगरौली पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *