साउथ बिहार एक्सप्रेस में ब्रेक बाइंडिंग से चक्के में 2 बार लगी आग, यात्रियों में मची अफरातफरी

चक्रधरपुर रेल मंडल में टुनिया रेलवे स्टेशन से मनोहरपुर रेलवे स्टेशन के बीच आरा से दुर्ग तक चलने वाली ट्रेन नंबर 13288 साउथ बिहार एक्सप्रेस में ब्रेक बाइंडिंग के कारण आग लगने की गंभीर घटना सामने आई है।

चलती ट्रेन के पहियों में आग और धुआं उठने से यात्रियों में अफरातफरी मच गई और कई लोग जान बचाने के लिए कोच से उतरकर इधर-उधर भागने लगे।

35 किलोमीटर के फासले में ट्रेन में दो बार आग और धुंआ उठता देखा गया। जिससे रेल यात्री खौफजदा थे। जानकारी के अनुसार पहली घटना टुनिया और गोईलकेरा स्टेशनों के बीच हुई, जहां साउथ बिहार एक्सप्रेस के जनरल कोच के पहियों में ब्रेक बाइंडिंग के चलते आग लग गई।

धुआं उठता देख ट्रेन ड्राइवर ने तुरंत ट्रेन रोक दी। इसके बाद ट्रेन के लाेकाे पायलट ने अग्निशामक यंत्र की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

35 किलोमीटर के दो बार निकला धुआं

इस दौरान कई यात्री डर के कारण कोच से बाहर निकल गए और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हालात सामान्य होने के बाद ट्रेन को फिर से रवाना किया गया, लेकिन करीब 35 किलोमीटर के भीतर दूसरी बार मनोहरपुर स्टेशन पहुंचने से पहले एक अन्य जनरल बोगी में फिर से ब्रेक बाइंडिंग की समस्या उत्पन्न हो गई।

पहियों में लगी आग से धुआं उठते ही एक बार फिर यात्रियों में दहशत फैल गई और लोग सुरक्षित कोच की ओर भागने लगे। ट्रेन के लोको पायलट ने दूसरी बार भी तत्परता दिखाते हुए ट्रेन रोक कर अग्निशामक यंत्र से आग पर काबू पाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

हालांकि, बार बार हो रही इस तकनीकी खराबी ने यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ट्रेन की लेट लतीफी के साथ साथ भीषण गर्मी के बीच इस तरह की घटनाओं से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई यात्रियों ने रेलवे की व्यवस्था पर नाराजगी जताई और ट्रेनों के रखरखाव पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *