अब कार चार्जिंग की टेंशन खत्म, नोएडा में 81 नई जगहों पर शुरू होंगे EV स्टेशन; प्राधिकरण ने पूरी की तैयारी

 इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) को बढ़ावा देने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने शहर में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने की दिशा में कदम उठाया है। प्राधिकरण ने पहले चरण के तहत 81 स्थानों को चिह्नित किया है।

जहां सड़कों के किनारे ईवी चार्जिंग स्टेशन लगाए जाएंगे। इसके लिए सर्वे का कार्य पूरा हो चुका है और जल्द ही टेंडर जारी किया जाएगा। बता दें कि शहर में ईवी चार्जिंग स्टेशन बढ़ने से इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहन मिलेगा और प्रदूषण में भी कमी आएगी।

परियोजना के विस्तार की योजना

आने वाले समय में इस परियोजना को और विस्तारित करने की योजना भी बनाई जा रही है, ताकि नोएडा को एक ग्रीन और सस्टेनेबल सिटी के रूप में विकसित किया जा सके।

प्राधिकरण महाप्रबंधक एसपी सिंह ने बताया कि इस परियोजना के तहत एक ही कंपनी को चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने और संचालन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इससे कार्य में एकरूपता और बेहतर निगरानी सुनिश्चित करने की योजना है।

सर्वे पूरा, अब टेंडर की तैयारी

सर्वे पूरा हो चुका है और अब टेंडर प्रक्रिया की तैयारी की जा रही है। इससे पहले प्राधिकरण ने एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (ईईएसएल) के साथ मिलकर 54 स्थानों पर 169 चार्जिंग प्वाइंट स्थापित किए थे।

इनमें से केवल 69 ही चालू हो पाए और वर्तमान में अधिकांश चार्जिंग स्टेशन संचालित नहीं हैं। इस अनुभव को देखते हुए प्राधिकरण ने इस बार खुद टेंडर जारी कर परियोजना को लागू करने का निर्णय लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *