बाराबंकी में आग से जली किसानों की 76 बीघा गेहूं की फसल, शॉर्ट सर्किट से जलीं सात गुमटियां

 अज्ञात कारणों से लगी आग में मंगलवार को किसानों की 76 बीघा गेहूं की फसल जल गई। जबकि सिरौलीगौसपुर तहसील के सामने शॉर्ट सर्किट से सात गुमटियां जल गई। विशुनपुर में अज्ञात कारणों से लगी आग से किसानों की 20 बीघे से अधिक फसल जलकर राख हो गई।

मंगलवार की दोपहर गेहूं के खेतों में अचानक आग भड़क उठी। आग ने आसपास के खेतों को भी अपनी चपेट में ले लिया। अग्निकांड में राम लखन, राम नरेश, राम मनोहर व लालबहादुर की गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। निंदूरा के कुर्सी के ओदार गांव में गेहूं की फसल में अज्ञात कारणों से आग लग गई।

हृदय राम व शिव प्यारी, संतराम मौर्य सहित करीब छह बीघा तैयार गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। सुबेहा के शहरी मजरे इस्लामपुर गांव में अज्ञात कारणो से गेहूं के खेत में लगी आग के चलते दर्जन भर से अधिक किसानों की फसल जल गई।

मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने किसी तरह आग पर काबू पाया। तब तक गुरबक्श, हनुमान, गंगा प्रसाद, बड़कऊ, श्याम, कृष्णा, मातादीन, निर्मला, सुखदीन, राजकला की लगभग 50 बीघा फसल जल गई।

शॉर्ट सर्किट से जली सात गुमटियां

सिरौलीगौसपुर तहसील परिसर के सामने मंगलवार की सुबह करीब 4 बजे बिजली के तारों से उठी चिंगारी से आग लग गई। यहां बिजली विभाग से तारों को छू रहे पेड़ों की छटाई नहीं करवाई थी।

लकड़ी की कई गुमटियां की दुकानें जल गईं। लगभग सात दुकानें पूरी तरह और कुछ आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुईं हैं। धुसेडिया के विक्रमादित्य, पिंटू , रामसमुझ, गुड्डू शिवशंकर की दुकानों की क्षति हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *