गाजीपुर में एनकाउंटर पर उठे सवाल, अपनों के ही आरोपों से घि‍र गई सरकार, व‍िपक्ष भी हो उठा हमलावर

 पूर्वांचल में अपनी जड़ें जमाने की कोश‍िश में लगी न‍िषाद पार्टी ने अपने ही सरकार को मुठभेड़ में कमलेश बिंद को मार ग‍िराने के बाद हमलावर रुख कर ल‍िया है। गाजीपुर में होटल व्यवसायी के बेटे की हत्या के आरोपी कमलेश बिंद के पुलिस एनकाउंटर पर योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने तीखे सवाल उठाए हैं। जबक‍ि सपा पीडीए के लोगों को मुठभेड़ में मारने का आरोप पहले से लगाती रही है।

सीतापुर में निषाद समाज के एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपनी ही सरकार की पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जाहिर की। संजय निषाद ने साफ शब्दों में कहा, “एनकाउंटर नहीं होना चाहिए, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को सीधे मुठभेड़ में मार देना सही तरीका नहीं है। ऐसे मामलों में न्यायिक प्रक्रिया का पालन होना चाहिए।” समाज के कमलेश बिंद को मुठभेड़ में मारे जाने के बाद से ही प्रकरण चर्चा में आ गया है। संजय न‍िषाद ने इस प्रकरण को लेकर योगी से मुलाकात तक की बातें कहकर प्रकरण को चर्चा में ला द‍िया।

दरअसल बिंदु होटल के मालिक के बेटे विनीत राय हत्या कांड के आरोपित व कटरा गैंग का बदमाश कमलेश बिंद को बीते द‍िनों मुठभेड़ में ढेर कर द‍िया था। राजकीय मेडिकल कालेज के अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया। बीते शुक्रवार की रात 11.15 बजे विनीत राय की उस समय पांच गोली मारकर हत्या कर दी थी जब वह अपने होटल में खाना खाकर बुलेट से घर जाने के लिए निकले थे।

होटल के गेट पर ही कटरा गैंग के बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में कटरा गैंग के सरगना शंकर पांडेय  निवासी फतेहपुर सिकंदरपुर (गौशाबाद) थाना कोतवाली, जगदीश सिंह यादव उर्फ सोनू यादव निवासी कोठिया कोडर ताल थाना करीमुद्दीनपुर, आलोक दुबे निवासी काली धाम कॉलोनी फूल्लनपुर थाना कोतवाली व कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद निवासी गोंडा देहाती गौशाबाद थाना कोतवाली के खिलाफ नामजद व अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था।

डीआईजी वाराणसी वैभव कृष्णा ने सभी आरोपितों के खिलाफ 50- 50 हजार का इनाम घोषित किया था। पुलिस व एसटीएफ आरोपितों की तलाश में जुटी थी। उसे पर एक लाख का इनाम घोषित किया गया था। इसके बाद मुठभेड़ में कमलेश के मारे जाने के बाद चंदौली के सपा सांसद वीरेंद्र स‍िं‍ह ने आरोप लगाया क‍ि पीडीए के लोगों को कमर के ऊपर और बीजेपी लोगों के पैर में गोली मारी जा रही है।

गाजीपुर में कमलेश बिंद के एनकाउंटर में मारे जाने के बाद चंदौली से समाजवादी पार्टी का सांसद वीरेंद्र सिंह ने सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने कहा है कि पुलिस की गोली आरोपियों के एनकाउंटर में भेदभाव कर रही है। जबक‍ि सपा प्रमुख अख‍िलेश यादव भी सोशल मीड‍िया पर इस मुठभेड़ पर सवाल उठाते हुए सत्‍ता पर पर गंभीर आरोप लगा चुके हैं।

पूरा मामला तब चर्चा में आ गया जब इस मुठभेड़ में कटरा गैंग को संरक्षण देने का आरोप ज‍िले के भाजपा नेता पर लगाया गया। इसके बाद से ही प्रकरण की चर्चा स‍ियासी गल‍ियारों में होने लगी थी। इसके बाद मुठभेड़ में कमलेश बिंद को मारे जाने के बाद व‍िपक्ष सरकार पर हमलावर हो गया। जबक‍ि सत्‍ता की सहयोगी पार्टी की ओर से संजय न‍िषाद भी इस प्रकरण को लेकर मुखर हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *