अंबेडकरनगर में डॉ. आंबेडकर जयंती का झंडा तोड़ा, आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम, आश्वासन पर माने

 डाॅ. भीमराम आंबेडकर की जयंती को लेकर सड़क किनारे लगाए गए झंडे को शरारती तत्वों ने तोड़ दिया। इसके विरोध में ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए सड़क जाम कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर जाम हटवाया।

जहांगीरगंज के कम्हरिया घाट रोड पर स्थित जोलहापुर में मुख्य सड़क के किनारे मोड़ पर गांव के नाम का साइन बोर्ड लगा था। बोर्ड पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती की तैयारी में जुटे ग्रामीणों ने जयंती से संबंधित झंडा लगाया था। झंडे में प्रयुक्त डंडे को सोमवार की रात में किसी शरारतीतत्व ने तोड़ दिया।

मंगलवार की सुबह लोगों ने झंडे को टूटा देखा तो आक्रोशित हो गए और थोड़ी ही देर में बगल की बस्ती के बड़ी संख्या में महिलाएं व पुरुष सुबह सड़क पर पहुंच गए और नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। रोड जाम कर आवागमन ठप कर आक्रोशित लोग झंडा तोड़ने वाले के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की मांग करने लगे।

मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और सीसी कैमरे आदि के ज़रिए आरोपित की पहचान कर उसके विरुद्ध कार्रवाई का भरोसा दिया। करीब आधे घंटे तक चले जाम को खुलवाया जा सका। इस बीच सड़क पर आवागमन ठप रहा। इससे राहगीरों तथा वाहनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

सड़क जाम करने वाले लोगों ने गांव के संपर्क मार्ग पर आवागमन रोक दिया तो गांव के अन्य लोगों को भी कुछ देर तक परेशानी उठानी पड़ी। प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने नाराज लोगों को समझाकर हटाया गया। आरोपित की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *