सैन्य परिवारों की महिलाओं के समग्र स्वास्थ्य और मानसिक कल्याण को नई दिशा देने के उद्देश्य से छावनी में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई।
पश्चिम यूपी सब एरिया मुख्यालय के सहयोग से अब्दुल हमद सैनिक संस्थान में ‘आरोग्यम वीमेन वेलनेस क्लीनिक’ का शुभारंभ किया गया। यह क्लीनिक मिलिट्री हास्पिटल के सैटेलाइट सेंटर के रूप में कार्य करेगा और विशेष रूप से सेवारत सैनिकों की पत्नियों व महिला आश्रितों को समर्पित रहेगा।
क्लीनिक का उद्घाटन पश्चिम यूपी सब एरिया के जनरल आफिसर कमांडिंग (जीओसी) मेजर जनरल सुमित राणा ने किया। इस अवसर पर आर्मी वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (आवा) की प्रतिनिधि नेहा पूनिया, अंकिता, डा. लिपिका पात्रा, अचला सिंह, सैन्य अप्ताल के कमांडेंट ब्रिगेडियर सीपी सिंह, पूर्व कमांडेंट ब्रिगेडियर विक्रम पात्रा, डिन्टी जीओसी ब्रिगेडियर एसके सिंह सहित अन्य वरिष्ठ सैन्य अधिकारी व सैन्य परिवारों की महिलाएं उपस्थित रहीं।
उद्घाटन के दौरान मेजर जनरल सुमित राणा ने कहा कि किसी भी सैनिक की मानसिक मजबूती इस विश्वास से जुड़ी होती है कि उसका परिवार सुरक्षित और स्वस्थ है। उन्होंने कहा कि आरोग्यम केवल उपचार केंद्र नहीं, बल्कि महिलाओं में स्वास्थ्य जागरूकता, बेहतर जीवनशैली और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने का एक व्यापक अभियान है।
ब्रिगेडियर सीपी सिंह ने कहा कि महिलाएं अक्सर परिवार की जिम्मेदारियों के बीच अपने स्वास्थ्य की उपेक्षा कर देती हैं। यह क्लीनिक उन्हें घर के निकट विशेषज्ञ चिकित्सकों, डायटिशियन और काउंसलर की सेवाएं उपलब्ध कराएगा, जिससे समय रहते स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान और समाधान संभव होगा।
ब्रिगेडियर विक्रम पात्रा ने कहा कि आज के समय में प्रिवेंटिव हेल्थकेयर सबसे प्रभावी चिकित्सा पद्धति है। उचित खान-पान, नियमित परामर्श और जीवनशैली में सुधार के माध्यम से मोटापा, थायराइड, मधुमेह और तनाव जैसी अनेक समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
एक ही स्थान पर मिलेंगी विशेषज्ञ सेवाएं
आरोग्यम वेलनेस क्लीनिक में महिलाओं के लिए चिकित्सा अधिकारी, पंजीकृत डायटिशियन और मनोवैज्ञानिक परामर्शदाता उपलब्ध रहेंगे। यहां प्राथमिक स्वास्थ्य जांच, पोषण संबंधी व्यक्तिगत परामर्श, पीसीओडी और पीसीओएस, एनीमिया, थायराइड, मधुमेह, उच्च रक्तचाप जैसी समस्याओं के लिए डाइट प्लान और मानसिक तनाव व पारिवारिक चुनौतियों से जुड़ी काउंसिलिंग की सुविधा मिलेगी।
नियमित होगी स्वास्थ्य निगरानी
क्लीनिक में आने वाली प्रत्येक महिला का व्यक्तिगत वेलनेस रिकार्ड तैयार किया जाएगा, जिससे उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी की जा सके। साथ ही हर महीने महिला स्वास्थ्य जागरूकता व्याख्यान, न्यूट्रिशन कार्यक्रम, कुकिंग डेमोंस्ट्रेशन और वेलनेस वर्कशाप आयोजित की जाएंगी। गंभीर या आपातकालीन स्त्री रोग संबंधी मामलों को तत्काल मिलिट्री हास्पिटल रेफर किया जाएगा।


