ओडिशा में शौच के लिए गए किशोर को हाथी ने पटक-पटक कर मारा, ग्रामीणों का भारी हंगामा

4.4kViews
1363 Shares

सुंदरगढ़ जिले के बिसरा वन क्षेत्र के अंतर्गत संतोषपुर रिजर्व फॉरेस्ट के समीप बुधवार देर रात एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। जहां जंगली हाथी के हमले में 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई।

मृतक की पहचान जबाघाट गांव निवासी दिलेश्वर माहांत के पुत्र अशोक नाथ माहांत के रूप में हुई है, जिसने हाल ही में मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की थी।

शौच के लिए जंगल की ओर गया था मृतक

घटनाक्रम के अनुसार, बुधवार रात करीब तीन बजे अशोक मोबाइल फोन लेकर शौच के लिए जंगल की ओर गया था। इसी दौरान अंधेरे में घात लगाकर बैठे एक जंगली दंतैल हाथी ने उस पर अचानक हमला कर दिया।

हाथी के हमले में किशोर बुरी तरह घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसने दम तोड़ दिया। सुबह जब लोगों को इस अनहोनी की जानकारी मिली, तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और परिवार को तत्काल सहायता प्रदान करने की मांग को लेकर आरएस कॉलोनी चौक पर प्रदर्शन किया, जिससे वहां कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सूचना मिलते ही बिश्रा वन विभाग के अधिकारी और बंडामुंडा पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से लंबी बातचीत की और उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है। इस घटना ने एक बार फिर जंगली जानवरों के रिहायशी इलाकों के करीब आने और वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *