भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत उत्तराखंड में मकान सूचीकरण व मकानों की गणना का कार्य 25 अप्रैल से 24 मई तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर निर्धारित प्रारूप के अनुसार आवश्यक सूचनाएं एकत्रित करेंगे।
प्रमुख जनगणना अधिकारी व जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रक्रिया को सरल और नागरिकों के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से 10 अप्रैल से 24 अप्रैल तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
इस नई व्यवस्था के तहत नागरिक पहली बार विशेष रूप से विकसित वेब पोर्टल https://se.census.gov.in के माध्यम से अपनी जानकारी स्वयं आनलाइन दर्ज कर सकते हैं। डीएम ने नागरिकों से अपील की है कि जब जनगणना प्रगणक उनके घर पहुंचें, तो वे अपनी एसईआइडी अवश्य उपलब्ध कराएं, जिससे दर्ज आंकड़ों का सत्यापन किया जा सके।
उन्होंने जनपद टिहरी के समस्त नागरिकों से इस महत्वपूर्ण कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाने और अधिक से अधिक संख्या में स्व-गणना कर जनगणना-2027 को सफल बनाने का आह्वान किया है।


