कोटद्वार में फर्नीचर की दुकानों में भीषण आग, लाखों का सामान राख; दमकल ने घंटों बाद पाया काबू

 नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत गाड़ीघाट मालगोदाम रोड स्थित फर्नीचर की दुकान में भीषण आग लग गई। कई घंटों की मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया। दुकानों में आग लगने से लाखों का सामान जलकर खाक हो गया।

घटना रविवार सुबह करीब 12 बजे की है। गालगौदाम रोड से गुजर रहे कुछ लोगों को बंद पड़ी फर्नीचर की एक दुकान के भीतर से धुंआ निकलता हुआ दिखाई दिया। लोगों ने इसकी जानकारी दुकान स्वामी को दी। दुकान का शटर खोला गया तो अंदर रखा फर्नीचर भीषण आग की लपटों में घिरा हुआ था।

हवा के साथ विकराल हो रही आग ने एक लाइन से खड़ी चार अन्य दुकानों को भी अपने आगोश में ले लिया। सूचना के बाद पहुंची दमकल की टीम ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लेकिन, आग की लपटे काफी तेज थी। एक के बाद एक तीन अग्निशमन टेंक से भी आग नहीं बुझ पाई।

इसके बाद कौड़िया आर्मी कैंप से सेना का अग्निशमन टेंक भी मंगवाया गया। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

अग्निशमन अधिकारी महताब अली खां ने बताया कि आसपास के क्षेत्र में घनी आबादी थी। यदि समय पर आग पर काबू नहीं पाया जाता तो एक बड़ी हादसा हो सकता था। प्रभावित हुई दुकानों में चार फर्नीचर व एक लोहे की दुकान है। फर्नीचर की दुकानों में मशीने भी लगी हुई थी। जिससे दरवाजे व अन्य चीजे बनाई जाती थी। आग लगने का मुख्य कारण शार्ट सर्किट है।

आग की लपटे देख बची अफरा-तफरी

रविवार छुट्टी का दिन होने के कारण गाड़ीघाट में अधिकांश दुकानें बंद पड़ी हुई थी। सबसे पहले नदीम की फर्नीचर की दुकान में आग लगी। इसके बाद उससे सटी फैजान की फर्नीचर की दुकान में रखे सामान ने भी आगे पकड़ लिया। साथ ही फुर्कान व शाकीब की दुकान में रखे लकड़ी के साथ ने भी तेजी से आग पकड़ ली।

तेज हवाओं के साथ आग लोहे का काम करने वाले साकीब की दुकान में भी पहुंच गई। यही नहीं दुकान के आसपास रहने वाले लोगों में भी अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। कई लोग तो अपने घर के भीतर से आवाश्यक सामग्री निकालने में जुट गए। हालांकि, दमकल विभाग की ओर से आग पर काबू पाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *