IPL 2026 Play Off Scenario: पंजाब, राजस्थान या कोलकाता? 1 जगह के लिए तीन टीमों में है लड़ाई; जानिए क्या है समीकरण

आईपीएल-2026 के प्लेऑफ की तीन टीमें तो पक्की हो गई हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू, गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद ने प्लेऑफ में जगह बना ली है। अब एक स्थान बचा है और इसके लिए तीन टीमों के बीच में लड़ाई है।

एक जगह के लिए पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइ़डर्स के बीच में लड़ाई है। ऐसे में तीनों टीमों के बीच शानदार प्रतिस्पर्धा है। लेकिन बाजी एक ही टीम मारेगी।

क्या है समीकरण?

तीनों टीमें इस समय रेस में हैं। राजस्थान की टीम चौथे नंबर पर है और उसके 13 मैचों में सात जीत और छह हार के बाद 14 अंक हैं। वहीं कोलकाता और पंजाब की एक जैसी स्थिति है। दोनों ही टीमों के 13 मैचों में छह जीत और इतनी ही हार के बाद 13-13 अंक हैं। तीनों ही टीमों को एक-एक मैच खेलना है। ऐसे में देखा जाए तो राजस्थान के आगे जाने की संभावना सबसे ज्यादा लग रही है।

राजस्थान को कल मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच खेलना है। अगर राजस्थान ये मैच जीत जाती है तो उसके 16 अंक हो जाएंगे और वह बिना किसी परेशानी के प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। पंजाब और कोलकाता अपने-अपने मैच जीतती भी हैं तो दोनों के 15-15 अंक ही होंगे और राजस्थान की हार पर इन दोनों की आगे जाने की संभावना टिकी होगी।

अगर राजस्थान की टीम हार जाती है और पंजाब-कोलकाता दोनों ही अपने मैच जीत लेती हैं तो फिर जिस टीम का नेट रन रेट बेहतर होगा वो टीम आगे जाएगी, लेकिन राजस्थान को जीत मिलती है तो फिर वही प्लेऑफ में जाएगी।

टॉप-2 टीमें तय

इन तीनों में से जो भी टीम आगे जाएगी वो चौथे नंबर पर ही रहेगी। टॉप-2 टीमें तय हो गई हैं। आरसीबी ने पहले और गुजरात ने दूसरे स्थान पर रहते हुए लीग चरण का अंत किया है। ऐसे में ये दोनों टीमे पहला क्वालिफायर खेलेंगी। इस मैच को जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी। वहीं तीसरे नंबर पर सनराइजर्स हैदराबाद की टीम है। हैदराबाद और चौथे नंबर की टीम एलिमिनेटर मैच खेलेंगी। इस मैच को जीतने वाली टीम दूसरे क्वालिफायर में पहुंचेगी जहां उसका सामना पहले क्वालिफायर में हारने वाली टीम से होगा। इस मैच की विजेता फाइनल में पहले क्वालिफायर की विजेता से भिड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *