धनबाद से लौट रही हजारीबाग पुलिस की गाड़ी ट्रेलर से टकराई, एक सिपाही की मौत, चार पुलिसकर्मी गंभीर

1090 Shares

हजारीबाग/धनबाद: झारखंड के धनबाद में छापामारी अभियान पूरा कर लौट रही हजारीबाग पुलिस की गाड़ी सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से टकरा गई। इस भीषण सड़क हादसे में एक सिपाही की मौत हो गई, जबकि चार अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम धनबाद में छापेमारी की कार्रवाई पूरी करने के बाद हजारीबाग लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में उनकी वाहन अनियंत्रित होकर खड़े ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा सभी घायलों को वाहन से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, चार पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने मृतक सिपाही के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर हादसे के पीछे तेज रफ्तार या अन्य तकनीकी कारणों की भी जांच की जा रही है।

इस घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है। वरिष्ठ अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *