रतलाम में सड़क हादसा : जोधपुर से इंदौर जा रही स्लीपर बस ट्रक से टकराई, बाड़मेर के पांच यात्री घायल

1981 Shares

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब तेज रफ्तार स्लीपर बस सामने चल रहे ट्रक से जा टकराई। दुर्घटना में राजस्थान के बाड़मेर निवासी पांच यात्री घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ट्रक चालक ने अचानक लगाया ब्रेक

पुलिस के मुताबिक, गजराज ट्रेवल्स की बस जोधपुर से इंदौर की ओर आ रही थी। सुबह करीब 7 बजे बिलपांक थाना क्षेत्र के रत्तागिरी फंटे के पास यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रक का स्टेयरिंग अचानक फेल हो गया, जिसके चलते चालक ने आपात स्थिति में ब्रेक लगा दिए। पीछे आ रही बस के ड्राइवर को संभलने का मौका नहीं मिला और बस सीधे ट्रक से जा भिड़ी।

बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त

हादसे के वक्त हल्की बारिश हो रही थी, जिससे सड़क फिसलन भरी थी। साथ ही, हाल ही में हुई मरम्मत के बाद सड़क पर फैली बारीक गिट्टी ने भी बस के नियंत्रण खोने में अहम भूमिका निभाई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके कांच चकनाचूर हो गए। अधिकांश यात्री उस समय सो रहे थे, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायलों में शेरू, अंबाराम, राजू, विशाल और कृष्णा शामिल हैं।

घायलों को मेडिकल कॉलेज में कराया भर्ती

सूचना मिलते ही सातरुंडा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को रतलाम मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हटाकर यातायात बहाल किया गया। सातरुंडा चौकी प्रभारी लोकेश डाबर के अनुसार, प्राथमिक जांच में ट्रक के स्टेयरिंग में आई खराबी को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *