गोरखपुर में सूने घर को निशाना बना की चोरी, कैमरे में कैद हुए चोर

रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के कजाकपुर स्थित न्यू कॉलोनी में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। परिवार के गांव जाने का फायदा उठाते हुए चोरों ने ताला तोड़कर घर में घुसकर एक लाख रुपये नकद समेत करीब आठ लाख रुपये के जेवरात पार कर दिए। घटना देर रात हुई और सुबह जानकारी मिलने पर हड़कंप मच गया।

पीड़ित रविन्द्र सिंह के अनुसार, वह तीन अप्रैल को अपने परिवार के साथ पैतृक गांव गिदल (थाना हरपुर बुदहट) गए हुए थे। घर पूरी तरह से बंद था। इसी बीच रात करीब एक से दो बजे के बीच अज्ञात चोरों ने मकान के गेट और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया।

चोरों ने घर के अंदर रखी अलमारी और बेड को खंगालते हुए सामान बिखेर दिया। पीड़ित के अनुसार, चोर एक लाख रुपये नकद, दो सोने की चेन, दो मंगलसूत्र, एक लाकेट, दो अंगूठियां, करीब 60 ग्राम सोने के जेवर और लगभग 40 चांदी के सिक्के उठा ले गए।

सुबह जब दूध देने वाला घर पहुंचा तो गेट खुला और ताला टूटा मिला। काल बेल बजाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद उसने फोन कर मकान मालिक को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार मौके पर पहुंचा और पुलिस को खबर दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसी कैमरों की जांच की, जिसमें देर रात कुछ संदिग्ध लोग गेट के पास घूमते नजर आए। थाना प्रभारी नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव ने बताया कि फुटेज के जरिए आरोपितों की पहचान की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *