दिल्ली-एनसीआर में आज भी झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

1671 Shares

मंगलवार को शुरू हुआ मानसून की झमाझम बारिश का दौर दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को भी जारी है। गुरुग्राम और फरीदाबाद में बुधवार सुबह से ही बारिश शुरू हो गई है। इससे कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बन गई है।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले तीन से चार दिन और रोज ही बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। तेज झोंकेदार हवाओं के साथ बारिश का दौर भी जब तब चलता रहेगा। साथ ही फिलहाल अधिकतम तापमान भी 40 डिग्री से नीचे ही रहेगा।

दिल्ली का न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज

बुधवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया। दिन का तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है। दिन में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। 40 से 50 किमी प्रति घंटे की तेज रफ्तार हवाओं के साथ वर्षा होने की भी संभावना है।

फरीदाबाद में बीते 12 घंटे में जिले के मोहना क्षेत्र में 84 एमएम वर्षा हुई है जो सर्वाधिक है। इसके अलावा शहर में 61 एमएम वर्षा हुई है वहीं तिगांव क्षेत्र में 26 एमएम वर्षा दर्ज की गई है। आज सुबह भी वर्षा होने से मौसम सुहाना हो गया है। लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल गई है। मौसम विभाग ने आज भी वर्षा की संभावना जताई है।

दिल्ली का एक्यूआई 73 दर्ज

उधर, बुधवार को सुबह 10 बजे दिल्ली का एक्यूआई 73 दर्ज किया गया। इसे ‘संतोषजनक’ श्रेणी में रखा जाता है। एनसीआर के शहरों में भी हवा संतोषजनक से मध्यम श्रेणी में ही चल रही है। पूर्वानुमान है कि हाल फिलहाल इसमें कुछ खास बदलाव नहीं होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *