गुमला में खाद्य सुरक्षा व तंबाकू निषेध टीम की संयुक्त छापेमारी, तीन दुकानों पर लगा जुर्माना

9.3kViews
1177 Shares

उपायुक्त के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग एवं तंबाकू निषेध टीम ने मंगलवार को मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय, राजकीयकृत उत्क्रमित उच्च विद्यालय सिलम तथा मांझाटोली क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी, कुमार प्रभाकर, आशा राज तथा तंबाकू निषेध पदाधिकारी वंदना स्मिता होरो ने किया।

अभियान के दौरान विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों, किराना दुकानों तथा थोक एवं खुदरा विक्रेताओं का सघन निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण, खाद्य लाइसेंस, पंजीकरण, एक्सपायरी तिथि एवं लेबलिंग की जांच की।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने बरसात के मौसम में फूड प्वाइजनिंग की बढ़ती आशंका को देखते हुए बासी एवं एक्सपायरी खाद्य सामग्री का उपयोग नहीं करने, भोजन को ढककर रखने तथा निर्माण, भंडारण और वितरण के दौरान स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने पर विशेष जोर दिया।

इसी क्रम में तंबाकू निषेध टीम ने कोटपा अधिनियम, 2003 के तहत 15 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। नियमों के उल्लंघन के मामले में तीन दुकानों पर कुल 600 रुपये का जुर्माना लगाया गया। संबंधित दुकानदारों को तंबाकू उत्पादों की बिक्री एवं प्रदर्शन संबंधी नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।

राजकीयकृत उत्क्रमित उच्च विद्यालय सिलम में विद्यार्थियों के बीच खाद्य सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर सुरक्षित एवं संतुलित भोजन,प्लस एफ चिन्ह वाले फोर्टिफाइड खाद्य पदार्थों की पहचान तथा आज से थोड़ा कम तेल, चीनी और नमक अभियान की जानकारी दी गई।

विद्यालय परिसर के 100 मीटर दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध संबंधी नियमों की भी जांच की गई। विभाग ने आम नागरिकों से खाद्य मिलावट अथवा खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की सूचना देने की अपील करते हुए कहा कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए ऐसे संयुक्त निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *