मेले में दुकान पर रात दो बजे लगी भीड़, खाने को नहीं मिली आइसक्रीम तो सात लोगाें ने मिलकर दुकानदार को पीटा

 शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर तुलसीपुर मेले में आइसक्रीम न मिलने पर दुकानदार की दबंगों ने पिटाई कर दी। दबंगों ने आइसक्रीम की दुकान में तोड़फोड़ भी किया। पुलिस ने दुकानदार की तहरीर पर सात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

बिहार के जिला बेगूसराय थाना भगवानपुर के ग्राम बुढ़ीवन निवासी राहुल कुमार पाठक ने शुक्रवार को बताया कि शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर मेले में आइसक्रीम की दुकान लगाते हैं। रात करीब दो बजे दुकान पर आइसक्रीम खाने वालों की भारी भीड़ लगी हुई थी। तभी कुछ लोग दुकान पर आकर आइसक्रीम मांगने लगे।

आइसक्रीम देने से मना करने पर पचपेड़वा थाना के ग्राम चंदरसी निवासी सूरज विश्वकर्मा, विवेक कुमार यादव, ग्राम नरायनपुर निवासी इरशाद व गिरीश चौधरी, थाना तुलसीपुर के ग्राम खैरहवा निवासी विनय कुमार, ग्राम पाटन निवासी सिराज व ग्राम बंदरीजोत निवासी सुशांत ने गाली दी और दुकान में तोड़फोड़ की।

बगल में दूसरी आइसक्रीम की दुकान थी, उसमें भी तोड़फोड कर दुकानदार के साथ अभ्रदता की। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि दुकानदार की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

मामूली विवाद में पिटाई

ग्राम सेमरहना निवासी संवारी देवी ने बताया कि गुरुवार को दोपहर करीब तीन बजे देवरानी रेखा देवी की लड़की अर्चना से बरसीम चराने को लेकर विवाद हो गया। इसी बात से नाराज होकर साधु व उनकी पत्नी रेखा ने पिटाई की। जान से मारने की धमकी दी। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात गिरजेश तिवारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *