सिपाही और सेना में भर्ती के लिए युवाओं में उत्साह लगातार बढ़ रहा है। भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड में सुबह-सुबह बड़ी संख्या में युवक-युवतियां पहुंचकर अपनी तैयारी में जुटते हैं। यह दृश्य स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन चुका है।
प्रतिभागी सबसे पहले मैदान के चारों ओर दौड़ लगाते हैं, जिससे उनकी सहनशक्ति और शारीरिक मजबूती बढ़ती है। इसके बाद योग, व्यायाम, प्राणायाम और शारीरिक स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियों का अभ्यास किया जाता है। खास बात यह है कि इसमें लड़कियों की भागीदारी भी बढ़ी है। वे पारंपरिक रूढ़ियों को तोड़ते हुए मैदान में सक्रिय रूप से भाग ले रही हैं और प्रेरणा का स्रोत बन रही हैं।
कई युवा स्वयं अपनी तैयारी करते हैं, वहीं कुछ विशेषज्ञ प्रशिक्षकों से मार्गदर्शन प्राप्त करते हैं। प्रशिक्षक तकनीकी सलाह के साथ सही व्यायाम, अनुशासन और समय प्रबंधन पर जोर देते हैं। यह प्रशिक्षण न केवल शारीरिक फिटनेस बढ़ाने में मदद करता है, बल्कि मानसिक दृढ़ता और अनुशासन विकसित करने में भी सहायक साबित होता है।
युवाओं का कहना है कि सेना में भर्ती केवल नौकरी नहीं, बल्कि देश सेवा का अवसर है। इसी वजह से वे प्रतिदिन समय निकालकर कड़ी मेहनत कर रहे हैं। विशेषज्ञ प्रशिक्षक भी मानते हैं कि नियमित और सही दिशा में किया गया अभ्यास सफलता की कुंजी है।
सैंडिस कंपाउंड में सुबह-सुबह का यह नजारा यह दर्शाता है कि भागलपुर के युवा अपनी मेहनत और समर्पण से देश की सेवा में योगदान देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। युवाओं का यह उत्साह वीडियो और रील्स के जरिए सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई युवा यहां दौड़, योग और व्यायाम का रिल्स बनाते हैं, जिससे और भी लोग प्रेरित होकर प्रशिक्षण के लिए आने लगे हैं।
इस लगातार बढ़ते क्रेज को देखते हुए प्रशिक्षक और स्थानीय प्रशासन भी युवाओं को सही दिशा में मार्गदर्शन देने और उन्हें सुरक्षित तरीके से प्रशिक्षण कराने पर जोर दे रहे हैं। यही कारण है कि सैंडिस कंपाउंड में हर सुबह का दृश्य अब केवल अभ्यास नहीं, बल्कि अनुशासन, देशभक्ति और प्रेरणा का प्रतीक बन गया है।
यह तैयारियां न केवल युवाओं की फिटनेस बढ़ा रही हैं, बल्कि भागलपुर में सशक्त और जिम्मेदार युवा पीढ़ी के निर्माण की दिशा में भी योगदान दे रही हैं।


