लुधियाना पुलिस का ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’, संवेदनशील इलाकों में बड़ा सर्च ऑपरेशन; 19 नशा तस्कर गिरफ्तारा

1246 Shares

 शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के तहत लुधियाना पुलिस ने मंगलवार को बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन (कासो ) कर नशा तस्करों पर शिकंजा कसा।

यह अभियान हिम्मत सिंह नगर, डॉ. अंबेडकर नगर, मनोहर नगर और जवाहर नगर क्षेत्रों में चलाया गया। सुबह 5 बजे से ही पुलिस ने इन इलाकों के सभी एंट्री और एग्जिट प्वाइंट्स पर नाकाबंदी कर दी, ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या नशीले पदार्थों की आवाजाही को रोका जा सके। इसके बाद सुबह 6 बजे से 10 बजे तक पुलिस टीमों ने संदिग्ध घरों और ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया।

इस बड़े ऑपरेशन में करीब 200 पुलिसकर्मियों ने हिस्सा लिया। अभियान का नेतृत्व डीसीपी इन्वेस्टिगेशन ने किया, जबकि 9 गजटेड अधिकारियों (एडीसीपी और एसीपी रैंक) की निगरानी में 16 थाना प्रभारी (एसएचओ ), क्राइम विंग और फील्ड स्टाफ तैनात रहे।

पुलिस आयुक्त स्वपन शर्मा ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान 19 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से 159 ग्राम हेरोइन, 2 किलो गांजा, 72 शराब की बोतलें, 75 नशीली गोलियां, 1.37 लाख रुपये नकद और एक एक्टिवा स्कूटर बरामद किया गया। इसके अलावा 4 अन्य संदिग्धों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई भी की गई है।

उन्होंने कहा कि पुलिस की नशे के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति है और इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस का उद्देश्य नशे की सप्लाई चेन को तोड़ना और शहर को सुरक्षित बनाना है।

लुधियाना पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस हेल्पलाइन पर दें, ताकि नशे के खिलाफ इस लड़ाई को और मजबूत बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *