‘पाकिस्तान की धुन पर नाच रही कांग्रेस’, असम की चुनावी रैली में पीएम मोदी का हमला

1187 Shares

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार ने जहां ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम दिया, वहीं कांग्रेस लगातार पाकिस्तान की “धुन पर नाचती” रही है। पाकिस्तान के साथ उसका यह जुड़ाव हमेशा देश की सुरक्षा पर भारी पड़ता है और हम ऐसा कभी नहीं होने दे सकते।

पीएम मोदी ने कहा, कांग्रेस ने हमेशा संकीर्ण सोच के साथ अल्पकालिक कदम उठाए ताकि भ्रष्टाचार में लिप्त हो सके। लेकिन भाजपा समाज के सभी वर्गों के सर्वांगीण विकास के लिए निर्णय लेते समय बहुत आगे का सोचती है।

‘पाकिस्तान की धुन पर नाची कांग्रेस’

असम के बारपेटा, होजाई और डिब्रूगढ़ में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक हो या 2025 का ऑपरेशन सिंदूर, कांग्रेस हमेशा पाकिस्तान की धुन पर नाची है और उनके एजेंडे को महत्व दिया है।

उन्होंने कांग्रेस पर सेना की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा, उसने दशकों तक पूर्व सैनिकों के लिए वन रैंक, वन पेंशन लागू नहीं की। वहीं, भाजपा सरकार ने सुनिश्चित किया कि देश की रक्षा करने वालों को न्याय मिले और उन्हें यह लाभ प्रदान किया।

पीएम ने गांधी परिवार पर लगाया वंशवादी राजनीति और भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप

प्रधानमंत्री ने कहा, “कांग्रेस का प्रथम परिवार, देश का सबसे भ्रष्ट परिवार है; वे बड़े पैमाने पर घोटालों में शामिल रहे हैं और वर्तमान में जमानत पर बाहर हैं। कांग्रेस केवल दो ही काम कर सकती है- झूठ बोलना और भ्रष्टाचार करना।”

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के “मोहब्बत की दुकान” वाले बयान पर परोक्ष निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस “मिथ्या की दुकान” और “अपमान” का प्रतिनिधित्व करती है। असम में एक और परिवार है… और दोनों ही चुनावों से पहले झूठे वादे कर रहे हैं। पीएम मोदी का इशारा लोकसभा में राहुल गांधी के डिप्टी गौरव गोगोई की तरफ था, जो असम कांग्रेस अध्यक्ष भी हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा, कांग्रेस आरोप लगाती है कि भाजपा लोगों से जमीन छीन लेती है, लेकिन वे दिल्ली के उन प्रमुख भूखंडों के बारे में बात नहीं करते जो उनके पास नेशनल हेराल्ड, राजीव गांधी चैरिटेबल ट्रस्ट और दूसरों के नाम पर हैं। भाजपा ने राज्य के विकास के लिए जमीन ली, जिससे समाज के सभी वर्गों को फायदा हुआ है।

ये भी बोले पीएम

  • पहले असम की सड़कों पर गाड़ियां नहीं चल पाती थीं, अब हाईवे पर जेट भी उतर सकते हैं।
  • कांग्रेस ने राज्य के साथ सौतेला रवैया अपनाया और ऊपरी असम व बराक घाटी की अनदेखी की।
  • कांग्रेस ने चाय श्रमिकों के लिए कुछ नहीं किया, भाजपा ने जमीनों के हक दिए।
  • कांग्रेस ने घुसपैठियों की मदद की। उन्हें सत्रों (मठों), मंदिरों, आदिवासियों की जमीनों पर भी बसने दिया।
  • हिमाचल, कर्नाटक व तेलंगाना में कांग्रेस ने बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन क्या किया?
  • पश्चिम एशिया युद्ध का जिक्र कर कहा, भाजपा की प्राथमिकता लोगों की तकलीफें कम करना।
  • किसानों की आमदनी बढ़ रही है एवं भाजपा सरकार इसे और बेहतर बनाने के लिए काम कर रही।
  • संसद में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण 2029 के लोकसभा चुनावों से लागू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *