बल‍िया में घर का तीन क्विंटल का लोहे का गेट गिरने से पांच वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत

 सुखपुरा क्षेत्र के हनुमानगंज स्थित वृंदावन कॉलोनी में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में पांच वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घर का करीब तीन क्विंटल वजनी लोहे का मुख्य गेट अचानक गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से बच्चे की मौके पर ही गंभीर हालत हो गई। जिला अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वृंदावन कॉलोनी निवासी राजेश ठाकुर ने करीब पांच महीने पहले अपना नया मकान बनवाया था। निर्माण के दौरान ही स्थानीय मिस्त्री से लोहे का भारी मुख्य गेट बनवाकर लगवाया गया था। परिवार के लोग सामान्यतः छोटे गेट से आवागमन करते थे, जबकि बड़ा गेट बंद ही रहता था। शनिवार को घर के सदस्य मौजूद थे।

इसी दौरान राजेश ठाकुर का भांजा मुख्य गेट खोलकर बाइक से बाजार चला गया। उसके जाने के बाद पांच वर्षीय पुत्र देवांश ठाकुर गेट बंद करने लगा। तभी अचानक गेट का कब्जा निकल गया और भारी गेट सीधे बच्चे के ऊपर गिर पड़ा। हादसे में देवांश के सिर में गंभीर चोट आई और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। गेट गिरने की तेज आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और किसी तरह गेट हटाकर बच्चे को जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मां पूजा का रो-रोकर बुरा हाल है। शाम को परिजनों ने महावीर घाट पर मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया। पीड़ित पिता राजेश ठाकुर ने पुलिस को तहरीर देकर गेट लगाने वाले मिस्त्री पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गेट की फिटिंग सही ढंग से नहीं की गई थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ।थानाध्यक्ष रत्नेश दुबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *