दिल्ली में सिम स्वैप ठगी का नया तरीका, फर्जी कर्मचारी ने उड़ाए 49 हजार रुपये

राष्ट्रीय राजधानी में साइबर ठगी के नए-नए तरीके सामने आ रहे हैं। ताजा मामला नवीन शाहदरा इलाके का है, जहां खुद को सिम कंपनी का कर्मचारी बताकर एक ठग ने युवक को झांसे में लेकर उसकी सिम बदल दी और खाते से हजारों रुपये उड़ा लिए।

पीड़ित मन्नू ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे दुकान पर एक युवक आया। उसने खुद को सिम कंपनी का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उसकी पुरानी सिम को 5G में अपग्रेड किया जा रहा है। भरोसा दिलाने के लिए आरोपी ने फर्जी आई कार्ड भी दिखाया।

झांसे में आकर मन्नू ने अपनी सिम उसे दे दी। इसके बाद आरोपी ने मोबाइल में डमी सिम लगा दी और कहा कि यह 30 मिनट में चालू हो जाएगी। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

10 बार में कुल 49 हजार निकाले

करीब एक घंटे बाद भी सिम चालू नहीं हुई तो मन्नू को शक हुआ। वह नजदीकी सिम स्टोर पहुंचा और नई सिम निकलवाई। तभी उसके मोबाइल पर खाते से 10 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया। घबराकर उसने तुरंत सिम ब्लॉक करवाई। हालांकि, आधे घंटे बाद जब वह एटीएम पहुंचा तो पता चला कि ठग पहले ही 10 बार में कुल 49 हजार रुपये निकाल चुका है।

पीड़ित ने मामले की शिकायत शाहदरा थाने में दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *