माध्यमिक शिक्षा परिषद ने आगामी सत्र 2026-27 के लिए शैक्षिक पंचाग जारी कर दिया है। इसके अनुसार पूरे सत्र में शैक्षिक के साथ विभिन्न गतिविधियां होंगी। वहीं, बोर्ड की हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाएं अगले साल भी फरवरी माह में ही होंगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश प्रयागराज के सचिव ने मेरठ समेत प्रदेश के सभी संयुक्त शिक्षा निदेशक, उप शिक्षा निदेशक व जिला विद्यालय निरीक्षकों को इस बारे में निर्देश जारी किए हैं। इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिले के सभी प्रधानाचार्यों को शैक्षिक निर्देश जारी किए हैं।
अनिवार्य होगी विद्यार्थियों की 75 प्रतिशत उपस्थिति
शैक्षिक सत्र-26-27 के लिए तिथिवार एकेडमिक कैलेंडर जारी किया गया है! यह सत्र प्रारंभ होने की तिथि 1 अप्रैल से लेकर मार्च तक जारी किया गया है।
नए सत्र में विद्यार्थियों की उपस्थिति का रिकार्ड, सत्र के प्रारंभ से ही प्रधानाचार्य और सभी प्रधानाध्यापक द्वारा आनलाइन अपलोड किए जाने के निर्देश दिए हैं! साथ ही वार्षिक परीक्षा के लिए सभी विद्यार्थियों की उपस्थिति 75 प्रतिशत अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के लिए कहा है।
पहले 15 मिनट प्रार्थना सभा के लिए
विद्यालय में शिक्षण के दौरान प्रथम वादन से पूर्व प्रारंभ के 15 मिनट प्रातः कालीन प्रार्थना सभा के लिए निर्धारित किए गए हैं, जिसमें प्रार्थना होगी तथा शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा आज का सुविचार प्रस्तुत किया जाएगा।
विद्यार्थियों द्वारा प्रत्येक दिन किसी नैतिक व प्रासंगिक विषय जैसे जीवन में मूल्यों का महत्व एवं मूल्यपरक शिक्षा, विभिन्न मानव मूल्य जैसे चरित्र निर्माण, राष्ट्रभक्ति, समाज सेवा, कर्तव्य परायणता, सत्य निष्ठा आदि महापुरुषों का जीवन चरित्र, पर्यावरण एवं जल संरक्षण, स्वास्थ्य तथा यातायात व सड़क सुरक्षा आदि पर विचार प्रस्तुत किए जाएंगे।
समाचार पत्र पढ़ने की आदत को किया जाएगा प्रोत्साहित
विद्यार्थियों में स्क्रीन टाइम कम करने तथा दैनिक समाचार पत्र पढ़ने की आदत को प्रोत्साहित करने के लिए प्रत्येक दिन प्रार्थना सभा में समाचार पत्र के मुख्य समाचारों को विद्यार्थियों से पढ़वाया जाएगा! समाचार में प्रयुक्त कुछ कठिन शब्दों का उच्चारण एवं अर्थ सहित वाक्य प्रयोग भी बताया जाएगा।


