श्रावणी मेला से पहले अजगैवीनाथ धाम में बनेगा बिहार का दूसरा ग्लास ब्रिज, पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

 विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला से पहले अजगैवीनाथ धाम में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण जुड़ने जा रहा है।

यहां बिहार का दूसरा ग्लास ब्रिज तैयार किया जाएगा, जिसका निर्माण तेजी से कराने की तैयारी शुरू हो गई है। करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह ग्लास ब्रिज पार्वती मंदिर के उत्तर गंगा नदी के ऊपर बनाया जाएगा।

प्रस्तावित ब्रिज 30 मीटर लंबा और 5 मीटर चौड़ा होगा, जो लगभग 200 फीट की ऊंचाई पर स्थित रहेगा। इस पर खड़े होकर श्रद्धालु बाबा अजगैवीनाथ मंदिर, उत्तरवाहिनी गंगा और अजगैवी पहाड़ी का विहंगम दृश्य देख सकेंगे।

नगर परिषद के मुख्य पार्षद राजकुमार गुड्डू ने बताया कि निर्माण कार्य को छह माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि श्रावणी मेला से पहले इसे शुरू किया जा सके।

40 लोग चल सकेंगे पुल पर

इसके लिए संबंधित अधिकारियों और तकनीकी टीम ने स्थल का निरीक्षण भी किया है। ब्रिज के निर्माण में उच्च गुणवत्ता वाले पारदर्शी कांच का उपयोग किया जाएगा और एक समय में लगभग 40 लोग इस पर चल सकेंगे।

खास बात यह होगी कि ब्रिज से नीचे गंगा की गहराई और उसमें तैरती डाल्फिन का दृश्य भी देखा जा सकेगा, जो पर्यटकों के लिए रोमांचक अनुभव होगा। परियोजना के तहत सेल्फी प्वाइंट, वेटिंग हाल और टिकट काउंटर का भी निर्माण किया जाएगा।

पुणे की कंपनी संभालेगी काम

निर्माण कार्य पुणे की एक निजी कंपनी को सौंपा गया है, जिसने निर्धारित समय सीमा में काम पूरा करने का आश्वासन दिया है।

स्थानीय प्रशासन का मानना है कि इस परियोजना के पूरा होने से अजगैवीनाथ धाम में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और श्रावणी मेला के दौरान यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में भी इजाफा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *