पश्चिम बंगाल CID ने शुक्रवार की सुबह कालियाचक, मालदा मामले के मास्टरमाइंड वकील मोफक्करुल इस्लाम को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें बागडोगरा हवाई अड्डे पर तब गिरफ्तार किया गया, जब वे फरार होने की कोशिश कर रहे थे।
दरअसल मालदा के कालियाचक में वोटर लिस्ट से नाम कटने के बाद सैकड़ों की संख्या में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान 7 न्यायिक अधिकारियों को बंधक बना लिया गया था और इसको लेकर बवाल शुरू हो गया।
CJI ने चुनाव आयोग को दिया निर्देश
मामले को लेकर भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने संज्ञान लिया। उन्होंने कहा कि राज्य में हर कोई राजनीतिक भाषा बोल रहा है। अधिकारियों को डराने की कोशिश की जा रही है। चुनाव आयोग सभी अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। अधिकारियों को सुरक्षित जगह दी जाए।
वहीं, चुनाव आयोग ने डीजीपी से रिपोर्ट तलब की है। इस बीच बंगाल के राज्यपाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने पहुंचे हैं। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी ममता सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रदीप भंडारी ने कहा कि सत्ता की जगह डर का राज छा गया है।


