पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की कसरत तेज हो गई है। इसी क्रम में पंतनगर को जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग को तोड़ा जाएगा। लेकिन एनएच तोड़ने से पहले उसके वैकल्पिक मार्ग की तैयारी चल रही थी, गुरुवार को एनएच के लिए उसकी स्वीकृति भी मिल गई। अब करीब साढे सात किमी लंबा एनएच बनाया जाएगा, जिस पर करीब 180 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तारीकरण हो रहा है। अब यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का लाभ कुमाऊं ही नहीं बल्कि रुहेलखंड को भी मिलने लगेगा। सरकार ने 524.7 एकड़ भूमि पर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा तैयार करने की समयसीमा जनवरी-2028 रखी है। लेकिन उससे पहले यहां विस्तारीकरण के लिए काफी काम होना बाकी है।
400 करोड़ रुपये के इस प्रोजेक्ट में रनवे भी तैयार किया जाएगा। मौजूदा हाईवे रनवे में आ रहा है। ऐसे में अब सामान्य वाहनों के लिए एक अलग हाईवे की जरूरत पड़ रही थी। जिसको लेकर एयरपोर्ट अथारिटी ने एनएच को पत्र लिखा था। एनएच ने अलग हाईवे बनाने के लिए प्रस्तावित खाका तैयार किया। जो कुछ संशोधनों के बाद अब स्वीकृत हो गया है।


