हुलासगंज प्रखंड अंतर्गत घोसी थाना क्षेत्र के चैती पीपर व गिंजी गांव के लोगों के बीच शनिवार को हुई गोलीबारी में एक युवक की मौत के बाद इलाके में भारी तनाव कायम हो गया है। फल्गु नदी से बालू के अवैध खनन के वर्चस्व और समरसेबल मोटर चोरी के विवाद में यह वारदात हुई थी।
एसपी कोटा किरण कुमार ने एहतियातन इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी है। साथ ही पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। घोसी एसडीपीओ-टू कृति कमल इलाके में कैंप कर रही हैं। पुलिस की अलग -अलग टीम घटनास्थल पर मामले की जांच कर रही है।
इस घटना में दोनों तरफ से हुई लगभग 20 राउंड फायरिंग में छह लोग गोली से जख्मी हुए थे, जबकि एक युवक को भीड़ ने पीट पीटकर अधमरा कर दिया था। सीने में गोली लगने से जख्मी घोसी थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी धीरज कुमार की पटना में क्लीनिक में इलाज के दौरान रात्रि में मौत हो गई। मौत से पूर्व अपने बयान में धीरज ने चैती पीपर गांव के अजय व विजय राम पर गोली मारने का आरोप लगाया था।
हत्याकांड को लेकर अब स्वजन के द्वारा आरोपितों पर प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। गोलीबारी कांड में जख्मी विजय राम की पत्नी रूनी देवी ने शनिवार को घटना के तुरंत बाद 11 नामजद व 20 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें गिंजी गांव के विष्णु शर्मा, रामपुर निवासी धीरज समेत अन्य लोगों को आरोपित किया था।
विष्णु शर्मा को भीड़ ने पीट-पीट कर अधमरा कर दिया था, जिसका इलाज पुलिस अभिरक्षा में चल रहा है। धीरज की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही गांव- परिवार में कोहराम मच गया है । घटना को लेकर तीनों गांव में भारी तनाव कायम है।
एहतियातन पुलिस ने शनिवार की रात्रि से ही इलाके में गश्त बढ़ा दी है। गोली कांड में चैती पीपर गांव के सुधीर राम, अजय राम, विजय राम, दिनेश राम व रेशमी देवी भी जख्मी हुई थी।
चिकित्सकों के अनुसार ये सभी अब खतरे से बाहर बताए जाते हैं। दिनेश व सुधीर को पैर और अजय को पेट में गोली लगी थी। विजय के पैर व रेशमी देवी के सिर के पास हल्की खरोच आई थी। पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे व एक बाइक जब्त की है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

