लातेहार जिला बल के जवान पवन सिंह को गोली मारने के मामले में पलामू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी ऋषभ सिंह के घर से घटना में प्रयुक्त 7.65 एमएम का देशी पिस्टल मैगजीन सहित बरामद किया है।
साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल भी आरोपी की निशानदेही पर जब्त की गई है। पलामू एसपी कपिल चौधरी ने शुक्रवार को पुलिस सभागार में पत्रकारों को बताया कि बीते 03 मई को सदर थाना क्षेत्र में पवन सिंह (33) को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था।
घायल जवान के फर्दबयान पर सदर थाना में कांड संख्या 47/2026 दर्ज किया गया। मामले में बीएनएस की धारा 109 एवं आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत चैनपुर थाना क्षेत्र के चांदो निवासी ऋषभ सिंह को नामजद अभियुक्त बनाया गया।
एसपी ने बताया कि घटना के बाद उनके निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम गठित कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। पुलिस दबाव बढ़ने पर आरोपी ऋषभ सिंह ने 06 मई को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद पुलिस ने 08 मई को आरोपी को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान आरोपी के घर से घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल और मैगजीन बरामद किया गया। वहीं आरोपी की निशानदेही पर चैनपुर थाना क्षेत्र के बिरसा नगर शाहपुर से घटना में इस्तेमाल की गई बुलेट बाइक (जेएच 03आर -4131) भी बरामद कर ली गई।
पुलिस ने घटनास्थल से आरोपी का चश्मा और फायरिंग में इस्तेमाल किया गया खोखा भी जब्त किया है। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।


