बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार की बांकीपुर विधानसभा से विधायक नितिन नवीन ने आज विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। अब वह जल्द ही राज्यसभा के सदस्य के तौर पर शपथ लेंगे। उन्हें इस पद के लिए 16 मार्च को चुना गया था। अपने इस्तीफे के साथ ही नितिन नवीन ने बिहार की जनता के नाम भावुक संदेश भेजा और कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि जनवरी 2006 में पिताजी के आकस्मिक निधन के बाद पार्टी ने उन्हें पटना पश्चिम से उपचुनाव लड़ने का अवसर दिया और दिनांक 27 अप्रैल 2006 को उन्होंने पहली बार पटना पश्चिम क्षेत्र से निर्वाचित होकर सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन की शुरुआत की।
नितिन नवीन ने लिखा, “पिछले 20 वर्षों में पिताजी, स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा द्वारा बनाए गए इस क्षेत्र को पारिवारिक भाव से सींचने, संवारने और विकास के पटल पर आगे ले जाने का निरंतर प्रयास किया है। मैंने सदैव अपने क्षेत्र और बिहार के विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य किया। इसी का प्रतिफल है कि यहां की देवतुल्य जनता ने मुझे लगातार 5 बार सदन में अपना प्रतिनिधि चुनकर सेवा का सौभाग्य प्रदान किया।”
बिहार से बहुत कुछ सीखा: नितिन
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सदन के अंदर हो या सदन के बाहर, दोनों ही स्थानों का उपयोग उन्होंने अपने क्षेत्र और बिहार की जनता की आवाज उठाने और उनकी समस्याओं के समाधान का मार्ग निकालने के लिए किया।
नितिन ने कहा, “बिहार विधानसभा के सदस्य के रूप में मुझे सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई वरिष्ठ विधायकों से बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला। मैंने अपने क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण विषयों का समाधान जनता और कार्यकर्ताओं के सुझावों से ही निकाला है।”
उन्होंने आगे लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में पार्टी ने जब मुझे बिहार सरकार के मंत्री के रूप में काम करने का अवसर दिया, तब मुझे कई अहम फैसलों, नीतियों और योजनाओं का क्रियान्वयन करने में सफलता मिली। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री जी का धन्यवाद व्यक्त करता हूं।”ॉ
पटना और बिहार का हमेशा रहेगा सम्मान
नितिन नवीन ने कहा, “मैंने यह हमेशा कहा है कि जनता ने मुझे समस्याएं भी बताई, और उन समस्याओं के समाधान का रास्ता भी मुझे जनता ने हीं दिखाया। कार्यकर्ताओं ने मुझे भाई के रूप में, परिवार के सदस्य के रूप में और अभिभावक के रूप में अंगुली पकड़कर आज इस मुकाम तक पहुंचाया है। मैं पटना और बिहार की जनता को आश्वस्त करता हूं कि जो परिवार का भाव उन्होंने मुझे दिया है, उसका मैं सदैव सम्मान करता रहूंगा।”
उन्होंने कहा कि वह आज बिहार विधानसभा के बांकीपुर निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित सदस्य पद से इस्तीफा दे रहे हैं। पार्टी ने जो नई भूमिका दी है, उसके माध्यम से भी वे अपने क्षेत्र और बिहार के विकास के लिए सदैव तत्पर एवं संकल्पित रहेंगे। कार्यकर्ताओं और बिहार की जनता के साथ अटूट संबंध सदैव बना रहेगा और हमेशा नई ऊर्जा, प्रेरणा और मार्गदर्शन देता रहेगा।
नितिन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में 2047 के विकसित भारत एवं विकसित बिहार बनाने के सपने को साकार करने की दिशा में मैं निरंतर प्रयासरत रहूंगा।


