वाराणसी। कछवांरोड चौराहा के निकट हाईवे पर रविवार की रात टायर फटने से हाईवे पर खड़े ट्रेलर (ट्रक) के पिछले हिस्से में तेज रफ्तार बकरी लदा डीसीएम जा भिड़ा। हादसे में डीसीएम चालक संदीप सिंह (25) की मौत होने के साथ ही केबिन में बैठे तीन अन्य घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल भेजा। चालक के शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही पुलिस ने परिजनों को सूचित भी किया है। इस बीच ग्रामीण मौका देख काफी संख्या में बकरियां भी उठाकर ले भागे। फतेहपुर-खागा के मीरपुर गांव निवासी चालक संदीप सिंह डीसीएम (यूपी.77.बीएन.5172) पर प्रयागराज की ओर से बकरी लादकर वाराणसी आ रहे थे कि वाराणसी-प्रयागराज एनएच 19 पर मिर्जामुराद थानांतर्गत कछवांरोड़ चौराहा के ऊपर स्थित ओवरब्रिज के पास टायर फट गया।
टायर फटने के कारण खड़े ट्रेलर (एमपी 33.एच.5546) के पिछले हिस्से में जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त रही कि डीसीएम के अगले हिस्से क परखच्चे उड़ गए। केबिन में दबने से चालक संदीप की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि उसमें सवार तीन अन्य घायल हो गए। सूचना पाकर पहुंचे थानाप्रभारी प्रमोद पांडेय व कछवांरोड चौकी प्रभारी रामचन्द्र यादव ने मशक्कत के बाद केबिन में फंसे शव समेत घायल कानपुर निवासी धर्मेंद्र, रामलखन व फतेहपुर निवासी असलम को बाहर निकलवा कर एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।
डीसीएम में लदी कुछ बकरियां भी दबकर मर गईं, वहीं हादसे की जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों में बकरियों को लेकर भागने वालों की होड़ मची रही। जेब में मिले आधारकार्ड से मृत चालक की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को सूचना दी। पुलिस के अनुसार ग्रामीण मौके पर बकरियों को लेकर भाग गए, शिकायत के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।


