उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) द्वारा आयोजित सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा (पीसीएस)-2024 का अंतिम परिणाम रविवार देर रात घोषित कर दिया गया।
भाटपाररानी क्षेत्र के खरोहवा ठाकुर गांव की रहने वाली संतोष यादव की पुत्री अनुष्का यादव ने ओबीसी वर्ग में 85वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उनका चयन कमर्शियल टैक्स आफिसर के पद पर हुआ है।
अनुष्का की प्रारंभिक शिक्षा महराजगंज जिले से हुई। इसके बाद उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय से बीएससी (बायोलाजी) और इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज से एमएससी (जूलाजी) की पढ़ाई पूरी की। वह प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थीं।
बेटी की इस उपलब्धि पर परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर है। माता बच्चा मुनि देवी समेत स्वजन व शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए अनुष्का के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
अनुष्का ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, मार्गदर्शक डॉ मुकेश यादव और सीबी यादव को दिया है।


