बिहार में एपिस्टीन जैसा मामला: बच्चियों के साथ करता था घिनौनी करतूत, ईट भट्ठा मालिक चुन्नू गिरफ्तार

बिहार के सहरसा में धमसेनी भड़धरी के पास स्थित स्टार ईंट भट्ठा संचालक मु. आवेश करणी उर्फ चुन्ना मुखिया और चिमनी के मुंशी पर वहां काम करने वाली नाबालिग लड़कियों और महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार एवं गलत हरकत के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

आरोप है कि चिमनी पर काम करने वाली नाबालिग लड़कियों को जबरन बंदूक की नोंक पर डराकर उठाकर अन्य जगह रात को अन्य जगह ले जाकर गलत हरकत करता था। वहां काम करने वाली महिलाओं के साथ भी छेड़खानी की जाती थी।

उसके दहशत से सभी मुंह बंद रखते थे। इसी बीच इंटरनेट मीडिया पर चून्ना मुखिया का एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उसके सामने एक लड़की डांस कर रही है और वह सिगरेट जलाकर सोफा पर बैठ डांस देख रहा है। इसकी भी जांच की जा रही है।

गोलीकांड के बाद खुला काला सच

वहीं बीते शनिवार की रात एक महिला मजदूर द्वारा संचालक के इस हरकत का विरोध करने पर भट्ठा संचालक चून्ना मुखिया द्वारा गोली चलाई गई, जिससे एक महिला मजदूर घायल हो गई थी।

मामला पुलिस तक पहुंचा तो ईंट भट्ठा संचालक का मुंशी के साथ वहां किए जा रहे करतूत का राज खुला। गोली लगने से घायल महिला की जांच के बाद जब पुलिस वहां पहुंची तो पुलिस को चौंकाने वाला बयान सुनने को मिला।

पुलिस को देख महिलाओं और काम करने वाले पुरुष मजदूर को हिम्मत मिली तो संचालक के काली करतूत के बारे में बताया। उसकी दहशत ऐसी थी कि कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं था।

घटनास्थल पर मजदूरों के रहने वाले कमरे के चदरा में फायरिंग से कई छिद्र तक बना हुआ था। मजदूरों के बयान और घटनास्थल की गंभीरता को देख पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वहां मौजूद सात नाबालिग को वहां से मुक्त कराया और काउंसलिंग की।

पुलिस ने किया गिरफ्तार

इस दौरान मौजूद मजदूरों ने बताया कि वे लोग करीब छह साल से काम करते हैं। शुरू में सब कुछ ठीक था लेकिन धीरे-धीरे वह काफी टार्चर करने लगा। वह अय्याशी के लिए वहां के मजदूर महिलाओं के साथ छेड़खानी करता था और नाबालिग लड़कियों को अन्य जगह ले जाकर गलत काम करवाता था।

इधर मामले में गोली से घायल निजी अस्पताल में इलाजरत महिला से पूछताछ के बाद उसके पति के आवेदन पर ईंट भट्ठा संचालक मु. आवेश करणी उर्फ चून्ना मुखिया पिता करामत अली निवासी सहरसा बस्ती और मुंशी अमित कुमार पिता राधेश्याम यादव निवासी धमनसैनी वार्ड नंबर 46 को महिला थाना में पाक्सो एक्ट और सदर थाना में आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज कर जेल भेजा गया है।

नाबालिग लड़कियों की हुई काउंसलिंग

ईंट भट्ठा से मुक्त कराई गई सात नाबालिग लड़की का काउंसेलिंग कर उसका मेडिकल जांच कराकर पुलिस द्वारा सीडब्लूसी के समक्ष प्रस्तुत किया गया। नाबालिग लड़कियों से भट्ठा संचालक द्वारा किए जा रहे दुर्व्यवहार के बारे में पूछताछ की गई।

उसे कहां ले जाया जा रहा था? क्या कराया जा रहा था? वहां कौन-कौन रहता था? सहित कई बिन्दुओं पर पूछताछ की गई। मामले में पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि इस मामले में अभी कई बिन्दुओं पर जांच की जा रही है। कौन-कौन इसमें संलिप्त है उसकी भी पड़ताल की जा रही है।

पहले से दर्ज हैं 33 मामले

ईंट भट्ठा संचालक का पूर्व से अपराध से नाता रहा है। उसके ऊपर पूर्व से विभिन्न तरह के अपराध के 33 मामला दर्ज है। इसमें पुलिस के ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने से जैसी घटना में भी वह आरोपित रहा है। इस मामले में बेल पर था।

थाना में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, वह वर्ष 1995 से ही लगातार किसी न किसी अपराध को अंजाम देते आ रहा है। वह ऐसी हरकतों को लेकर क्षेत्र में काफी चर्चित रहा है और क्षेत्र के लोगों के बीच भी उसकी दहशत रही है।

बीते चुनाव में भी उसका एक वर्तमान विधायक व विधायक प्रत्याशी के साथ भीड़ के बीच शोर-शराबा का वायरल वीडियो भी काफी चर्चा में रहा था।

ईंट भट्ठा मजदूरों ने की घर वापसी की मांग

घटना के बाद ईंट भट्ठा पर काम करने वाले पुरुष और महिला सभी मजदूर उसके पूर्व के करतूत को देख दहशत में हैं। ईंट भट्ठा पर काम करने वाले मजदूर घर वापसी की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि मजदूरों को घर भेजने की तैयारी पुलिस प्रशासन द्वारा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *